September 23, 2026
National

जम्मू-कश्मीर : रामबन में कार के अंदर दो पुलिसकर्मियों की संदिग्ध मौत, जांच में जुटी पुलिस

जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मंगलवार देर शाम जिले के बटोत इलाके में जियारत मोड़ सना के पास एक कार के अंदर दो पुलिसकर्मियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, दोनों जवान रामबन की डिस्ट्रिक्ट पुलिस लाइंस में तैनात थे। मंगलवार रात करीब 10 बजे दोनों पुलिसकर्मी एक कार के अंदर संदिग्ध हालत में बेहोश पड़े मिले। स्थानीय लोगों ने जब कार के अंदर उन्हें अचेत अवस्था में देखा तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी और दोनों को आनन-फानन में डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल रामबन पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

फिलहाल दोनों की मौत की असली वजह का पता नहीं चल पाया है। मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह भी अभी स्पष्ट नहीं है। आशंका जताई जा रही है कि दम घुटने या किसी जहरीली गैस के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है, लेकिन पुलिस किसी भी एंगल से इनकार नहीं कर रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और कार को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम भी साक्ष्य जुटा रही है। दोनों पुलिसकर्मी ड्यूटी पर थे या नहीं, कार किसकी थी और वे उस जगह पर कैसे पहुंचे, इन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। इस घटना से पुलिस महकमे में शोक की लहर है। दोनों जवानों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।

Leave feedback about this

  • Service