July 16, 2026
National

जमशेदपुरः 100 करोड़ के फर्जी जीएसटी बिलिंग मामले में स्क्रैप कारोबारी गिरफ्तार, अंतरराज्यीय सिंडिकेट की जांच तेज

Jamshedpur: Scrap dealer arrested in ₹100 crore fake GST billing case; probe into interstate syndicate intensifies.

16 जुलाई । करीब 100 करोड़ रुपये के जीएसटी घोटाले के मामले में डायरेक्टरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस (डीजीजीआई) ने जमशेदपुर के स्क्रैप कारोबारी अजय शर्मा को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी का दावा है कि आरोपी फर्जी कंपनियों के जरिए इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का अवैध लाभ दिलाने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़ा है। डीजीजीआई के संयुक्त निदेशक अभिनव कुमार के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान बारीडीह स्थित आरोपी के ठिकानों पर छापेमारी की गई।

तलाशी में मोबाइल फोन, लैपटॉप और कई डिजिटल दस्तावेज जब्त किए गए। पूछताछ के बाद आरोपी को बुधवार देर शाम गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। आरोप है कि अजय शर्मा ‘गणेश ट्रेडिंग’ और ‘कांतिक ट्रेडिंग’ समेत कई फर्जी फर्मों के नाम पर कागजी लेन-देन दिखाकर इनपुट टैक्स क्रेडिट का अवैध लाभ ले रहा था। प्रारंभिक जांच में लगभग 100 करोड़ रुपये के फर्जी बिलिंग नेटवर्क का खुलासा हुआ है।

एजेंसी अब यह भी जांच कर रही है कि इस कथित फर्जीवाड़े से सरकारी खजाने को वास्तविक राजस्व नुकसान कितना हुआ और इसमें किन-किन कंपनियों एवं कारोबारियों की भूमिका रही। जांच के दौरान अजय शर्मा का संबंध उन कारोबारियों से होने के संकेत मिले हैं, जो पहले से कथित जीएसटी फर्जीवाड़े के मामलों में जेल में बंद हैं। हालांकि, एजेंसी ने इस संबंध में आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है। डीजीजीआई पिछले कई महीनों से झारखंड और अन्य राज्यों में फैले कथित फर्जी बिलिंग नेटवर्क की जांच कर रही है।

जब्त किए गए डिजिटल डेटा और वित्तीय दस्तावेजों की फोरेंसिक जांच की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि जांच आगे बढ़ने पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है। एजेंसी के अनुसार, मामले की जांच जारी है और वित्तीय लेन-देन, फर्जी कंपनियों तथा कथित लाभार्थियों की कड़ियों को खंगाला जा रहा है।

Leave feedback about this

  • Service