June 24, 2026
Entertainment

जैस्मीन सैंडलस लेकर आ रहीं ‘द ड्रीम गर्ल इंडिया टूर’, बोलीं- ‘फैंस के साथ दिल से जुड़ना चाहती हूं’

Jasmine Sandlas is bringing ‘The Dream Girl India Tour’, saying, ‘I want to connect with my fans from the heart’

पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री से लेकर बॉलीवुड तक अपनी अलग पहचान बना चुकीं जैस्मीन सैंडलस एक बार फिर चर्चा में हैं। दरअसल, अब वह अपने लाइव परफॉर्मेंस के जरिए देशभर के दर्शकों से सीधे जुड़ने जा रही हैं। सिंगर ने अपने नए ‘द ड्रीम गर्ल इंडिया टूर’ का ऐलान कर दिया है, जिसे लेकर फैंस काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं।

जैस्मीन सैंडलस ने इस टूर को लेकर अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, ”यह सिर्फ बड़े स्टेज या बड़ी जगहों पर परफॉर्म करने का मौका नहीं है, बल्कि यह मेरे और मेरे फैंस के बीच एक खास रिश्ता बनाने जैसा है। मेरा म्यूजिक का सफर हमेशा बिना किसी दिखावे के रहा है और मैं अपने दिल की बात गानों के जरिए लोगों तक पहुंचाती रही हूं। फैंस ने हर दौर में मेरा साथ दिया है, और यही वजह है कि मैं इस टूर को सिर्फ एक कॉन्सर्ट नहीं, बल्कि एक भावनात्मक अनुभव बनाना चाहती हूं।”

सिंगर ने आगे कहा कि ‘द ड्रीम गर्ल इंडिया टूर’ के जरिए मैं ऐसा माहौल तैयार करना चाहती हूं, जहां हजारों लोगों की भीड़ होने के बावजूद हर व्यक्ति खुद को मुझसे जुड़ा हुआ महसूस करे। इस बार मैं अपना जोशीला अंदाज लेकर स्टेज पर आने वाली हूं। मेरी उम्मीद है कि भारत के लोग भी उतने ही जोश और प्यार के साथ मेरा स्वागत करेंगे। यह टूर दर्शकों के लिए संगीत को महसूस करने का अनुभव होगा।”

इस टूर का नाम ‘द ड्रीम गर्ल’ भी खास मायने रखता है। यह नाम जैस्मीन की जिंदगी और उनके संघर्ष भरे सफर को दर्शाता है। एक समय था जब वह सिर्फ गीत लिखती थीं और धीरे-धीरे अपनी मेहनत और टैलेंट के दम पर आज इंटरनेशनल स्तर पर पहचान बना चुकी हैं। यह टूर उनके इसी सफर को सेलिब्रेट करने का एक तरीका है।

जानकारी के मुताबिक, यह मल्टी-सिटी टूर जुलाई और अगस्त के दौरान आयोजित किया जाएगा। इस दौरान जैस्मीन दिल्ली-एनसीआर, मुंबई, बेंगलुरु और चंडीगढ़ जैसे बड़े शहरों में लाइव परफॉर्म करेंगी। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में कुछ और शहरों के नाम भी इस लिस्ट में जोड़े जा सकते हैं। देशभर के फैंस अब जैस्मीन के लाइव शो का इंतजार कर रहे हैं।

Leave feedback about this

  • Service