July 8, 2026
National

झारखंड : पाकुड़ में 21 वर्षीय विवाहिता की हत्या, घर पर मिला खून से लथपथ शव

Jharkhand: 21-year-old married woman murdered in Pakur; blood-soaked body found at home.

8 जुलाई । झारखंड के पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र में 21 वर्षीय महिला की हत्या धारदार हथियार से कर दी गई। मृतका की पहचान मालुति मरांडी के रूप में हुई है, जो डूमचीर जेटकाटोला गांव में रहती थी। बुधवार को उसका शव घर के बिस्तर पर खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला।

जानकारी के अनुसार, जिस वक्त यह वारदात अंजाम दी गई, उस वक्त वह घर पर अकेली थी। उसकी मां कहीं बाहर गई थी। घर लौटने पर जब उन्होंने घर में खून के छींटे देखे तो उन्होंने शोर मचाया और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर अमड़ापाड़ा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में महिला के सिर पर किसी भारी या धारदार वस्तु से कई वार किए जाने के निशान मिले हैं।

पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के समय और हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। मृतका की मां ने पुलिस को बताया कि मालुति की अब तक तीन शादियां हो चुकी थीं और फिलहाल वह अपने पतियों से अलग होकर उसके साथ रह रही थी। इस जानकारी के बाद पुलिस ने जांच का दायरा और बढ़ा दिया है।

अधिकारियों का कहना है कि महिला के वैवाहिक जीवन से जुड़े विवाद, आपसी रंजिश और अन्य सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। अमड़ापाड़ा थाना प्रभारी अनूप रोशन भेंगड़ा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतका का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है।

पुलिस मोबाइल डेटा और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) की जांच कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना से पहले महिला की किन लोगों से बातचीत हुई थी और वारदात के समय उसके संपर्क में कौन-कौन लोग थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Leave feedback about this

  • Service