झारखंड के हजारीबाग शहर में सोमवार सुबह मत्स्य विभाग परिसर से एक अज्ञात व्यक्ति का लहूलुहान शव बरामद होने के बाद सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर और शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। उसकी शिनाख्त के लिए आसपास के थानों से संपर्क किया जा रहा है और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
लोहसिंघना थाना प्रभारी निशांत केरकेट्टा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति मत्स्य विभाग कार्यालय के पीछे स्थित खटाल की ओर से परिसर में प्रवेश करता और भवन की छत पर चढ़ने का प्रयास करता दिखाई दे रहा है। इस कारण दुर्घटना की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
हाल के दिनों में हजारीबाग जिले में अज्ञात शव मिलने की कई घटनाएं सामने आई हैं। इससे पहले टाउन स्टेशन के पास, हीराबाग और चुरचू थाना क्षेत्र से भी अज्ञात शव बरामद किए गए थे। लगातार ऐसी घटनाओं के सामने आने से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी का परिजन या परिचित पिछले कुछ दिनों से लापता है तो वे संबंधित थाना से संपर्क कर शव की पहचान में सहयोग करें। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।


Leave feedback about this