16 अप्रैल । झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले स्थित सारंडा वन क्षेत्र में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच जंग तेज हो गई है। पिछले 24 घंटों के भीतर नक्सलियों द्वारा बिछाए गए आईईडी के दो अलग-अलग धमाकों और भीषण मुठभेड़ में अब तक कुल छह जवान घायल हो चुके हैं।
गुरुवार को हुए ब्लास्ट में एक अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे एयरलिफ्ट कर रांची भेजा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को सुरक्षाबल के जवान सारंडा के घने जंगलों में नक्सलियों के खिलाफ तलाशी अभियान चला रहे थे। इसी दौरान एक जवान का पैर जमीन के नीचे छिपाकर लगाए गए प्रेशर आईईडी पर पड़ गया। जोरदार धमाके की चपेट में आने से जवान के पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घायल जवान की नाजुक हालत को देखते हुए तत्काल हेलीकॉप्टर की मदद ली गई है। उन्हें रांची के खेलगांव स्थित हेलीपैड पर उतारकर सीधे अस्पताल ले जाया जाएगा।
इससे पहले बुधवार को मनोहरपुर के छोटानगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बलिबा जंगल में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच करीब साढ़े तीन घंटे तक भीषण मुठभेड़ चली थी। खुफिया सूचना के आधार पर चलाए गए इस अभियान के दौरान हुए आईईडी विस्फोट में कोबरा 205 बटालियन के इंस्पेक्टर सत्य प्रकाश समेत पांच जवान घायल हुए थे। घायलों में शैलेश कुमार दुबे, उत्तम सेनापति, जितेंद्र कुमार राय और प्रेम कुमार शामिल हैं, जिन्हें बुधवार शाम ही एयरलिफ्ट कर रांची शिफ्ट किया गया था।
सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, यह पूरा इलाका एक करोड़ के इनामी नक्सली नेता मिसिर बेसरा का गढ़ है। सूत्रों के अनुसार, बुधवार की मुठभेड़ में कुछ नक्सलियों के हताहत होने की भी अपुष्ट खबरें हैं, हालांकि आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। बताया जा रहा है कि अब इस क्षेत्र में नक्सलियों की संख्या सिमटकर 50 से भी कम रह गई है, जिसके कारण वे हताशा में सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के लिए आईईडी का जाल बिछा रहे हैं।
केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा नक्सलवाद के खात्मे के लिए तय की गई समयसीमा के बाद झारखंड के जंगलों में हजारों की संख्या में जवानों को तैनात कर ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। फिलहाल पूरे सारंडा क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित है और कोबरा, झारखंड जगुआर तथा जिला पुलिस की संयुक्त टीमें नक्सलियों की तलाश में सघन अभियान चला रही हैं। लगातार धमाकों और मुठभेड़ के कारण आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी दहशत का माहौल है।


Leave feedback about this