N1Live National झारखंडः पश्चिमी सिंहभूम में नाबालिग से गैंगरेप, तीन आरोपी गिरफ्तार
National

झारखंडः पश्चिमी सिंहभूम में नाबालिग से गैंगरेप, तीन आरोपी गिरफ्तार

Jharkhand: Minor gang-raped in West Singhbhum, three accused arrested

24 फरवरी । झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के तांतनगर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि सभी आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए प्रस्तुत किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता शनिवार को मागे पर्व के अवसर पर अपनी सहेली के घर गई थी। इसी दौरान तीन युवकों ने उसे कथित तौर पर अगवा कर सुनसान स्थान पर ले जाकर गैंगरेप किया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए थे। घटना के बाद पीड़िता किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को आपबीती बताई।

परिजनों की लिखित शिकायत पर रविवार को मंझारी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने पॉक्सो एक्ट सहित भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए चाईबासा के वरीय पुलिस अधीक्षक अमित रेनू के निर्देश पर तांतनगर थाना पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया।

टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर संभावित ठिकानों पर छापेमारी अभियान चलाया। पुलिस ने पहले एक आरोपी को हिरासत में लिया। उसकी निशानदेही पर दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोपी बिरुवा (23), गुरा बिरुवा (19) और कृष्ण बिरुवा (23) के रूप में हुई है।

कार्रवाई में तांतनगर ओपी प्रभारी अरविंद कुशवाहा समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। साथ ही पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है तथा उसे विधिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

Exit mobile version