April 17, 2026
National

झारखंड: सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता, मुठभेड़ में 15 लाख का इनामी सहदेव महतो समेत 4 नक्सली ढेर

Jharkhand: Security forces achieve major success, four Naxalites, including Sahdev Mahato, carrying a bounty of Rs 15 lakh, killed in encounter

17 अप्रैल । झारखंड में उग्रवाद के खिलाफ जारी अभियान में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इंटेलिजेंस ब्यूरो के सटीक इनपुट पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने शुक्रवार को चतरा और हजारीबाग जिले की सीमा पर चार कुख्यात नक्सलियों को मार गिराया है। मारे गए नक्सलियों में 15 लाख का इनामी कमांडर सहदेव महतो भी शामिल है। झारखंड पुलिस मुख्यालय के आधिकारिक सूत्रों ने इस मुठभेड़ की पुष्टि की है।

पुलिस को चतरा-हजारीबाग बॉर्डर पर नक्सलियों के एक दस्ते की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर स्थानीय पुलिस और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने घेराबंदी शुरू की। खुद को घिरा देख नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला। घंटों चली इस भीषण मुठभेड़ में चार नक्सली मौके पर ही ढेर हो गए, जबकि कुछ अन्य के घायल होने की संभावना जताई जा रही है।

मुठभेड़ के बाद चलाए गए सर्च ऑपरेशन में सुरक्षा बलों को मौके से महत्वपूर्ण सफलता मिली है। घटनास्थल से अब तक दो एके-47 राइफल, अन्य देशी और आधुनिक हथियार, नक्सली साहित्य के अलावा दैनिक उपयोग के सामान और बड़ी मात्रा में कारतूस बरामद किए गए हैं। मारे गए नक्सलियों में कुख्यात सहदेव महतो इलाके में कई बड़ी वारदातों का मास्टरमाइंड माना जाता था।

इधर, झारखंड के पश्चिमी जिले के सारंडा अंतर्गत छोटानागरा थाना क्षेत्र के बालिबा के पास चडराडेरा के जंगल में भी सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के एक दस्ते को चारों ओर से घेर रखा है और उनके भागने के सभी रास्तों को सील कर दिया गया है। निगरानी के लिए आसमान से भी नजर रखी जा रही है।

बताया जा रहा है कि इस दस्ते में एक करोड़ का इनामी नक्सली मिसिर बेसरा भी शामिल है और नक्सलियों की कुल संख्या सौ से ज्यादा हो सकती है।

चाईबासा के एसपी अमित रेनू ने बताया कि जंगल में सर्च अभियान अभी जारी है और फिलहाल विस्तृत अपडेट की प्रतीक्षा है। पश्चिमी सिंहभूम के इस इलाके में पिछले तीन दिनों के दौरान आईईडी ब्लास्ट और गोलीबारी की घटनाओं में सुरक्षाबलों के 6 जवान घायल हो चुके हैं।

Leave feedback about this

  • Service