May 7, 2026
National

झारखंडः कोडरमा में पेट्रोल पंप के पीछे पेड़ से लटका मिला टैंकर चालक का शव

Jharkhand: Tanker driver’s body found hanging from a tree behind a petrol pump in Koderma

7 मई । झारखंड के कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र अंतर्गत बगड़ो स्थित एक पेट्रोल पंप के पीछे गुरुवार सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। शव की शिनाख्त गिरिडीह जिले के कोवार निवासी नितेश यादव के रूप में हुई है, जो पेशे से टैंकर चालक था।

पुलिस के अनुसार, नितेश यादव बुधवार को अपने सहायक चालक पंकज कुमार के साथ जसीडीह से ईंधन टैंकर लेकर डोमचांच के बगड़ो स्थित पेट्रोल पंप पहुंचा था। पंकज कुमार ने बताया कि रात करीब 10 बजे नितेश किसी से मोबाइल पर बात करते हुए बाहर चला गया। इसके बाद वह वापस नहीं आया।

पंकज के मुताबिक, टैंकर खाली करने के बाद उन्होंने नितेश की तलाश शुरू की, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। इस दौरान उनका मोबाइल फोन लगातार बज रहा था, लेकिन वह कॉल रिसीव नहीं हुआ।

गुरुवार सुबह कुछ स्थानीय लोग टहलने के लिए पेट्रोल पंप के पीछे गए, जहां उन्होंने एक युवक का शव पेड़ से लटका देखा। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। बाद में पंकज कुमार ने शव की पहचान नितेश यादव के रूप में की।

पंकज ने पुलिस को बताया कि जसीडीह से निकलने के बाद से ही नितेश लगातार किसी व्यक्ति से फोन पर बात कर रहा था और बातचीत के दौरान दोनों के बीच तीखी बहस भी हो रही थी। हालांकि उन्होंने इस संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी साझा नहीं की।

सूचना पर डोमचांच थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, कोडरमा भेज दिया। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया शव पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। ऐसे में फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। वहीं, सहायक चालक पंकज कुमार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

Leave feedback about this

  • Service