May 19, 2026
Entertainment

पहली बार साथ काम करेंगे कार्तिक सुब्बाराज और इलैयाराजा, फिल्म को लेकर दोनों ने जताई खुशी

Karthik Subbaraj and Ilaiyaraaja will be working together for the first time, both expressed happiness about the film.

मशहूर निर्देशक कार्तिक सुब्बाराज और दिग्गज संगीतकार इलैयाराजा पहली बार किसी फिल्म में साथ काम करने जा रहे हैं। खास बात यह है कि यह कार्तिक के निर्देशन करियर की 10वीं फिल्म होगी, जबकि इलैयाराजा के शानदार संगीत सफर की यह 1540वीं फिल्म मानी जा रही है। ऐसे में यह प्रोजेक्ट दोनों कलाकारों के लिए बेहद खास है।

कार्तिक सुब्बाराज को आज के दौर के सबसे अलग सोच वाले निर्देशकों में गिना जाता है। उन्होंने अपनी फिल्मों के जरिए भारतीय सिनेमा में एक खास पहचान बनाई है। उनकी फिल्मों में कहानी कहने का तरीका, संगीत का इस्तेमाल और किरदारों की गहराई दर्शकों को हमेशा प्रभावित करती रही है। वह लंबे समय से इलैयाराजा के बड़े प्रशंसक रहे हैं और कई बार अपनी फिल्मों में उनके संगीत को सम्मान भी देते रहे हैं।

इस फिल्म को लेकर इलैयाराजा ने भी अपनी खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा, ”मेरे लिए सिनेमा और संगीत हमेशा भावनाओं से जुड़े रहे हैं। किसी भी फिल्म की सबसे बड़ी ताकत उसकी सच्ची कहानी और उसे बनाने वाले लोगों का जुनून होता है। कार्तिक सुब्बाराज के काम में फिल्मों के प्रति उनका प्यार और मेहनत साफ दिखाई देती है। इस फिल्म पर काम करते समय मुझे एक अलग तरह का अनुभव हुआ।”

इलैयाराजा ने आगे कहा, ”हर फिल्म का अपना अलग एहसास और अपना अलग संगीत होता है। जब मैं फिल्म के बैकग्राउंड म्यूजिक पर काम कर रहा था, तब मुझे महसूस हुआ कि इसका संगीत इतना अच्छा है कि इसे अलग से एक एल्बम के रूप में भी रिलीज किया जा सकता है। मुझे उम्मीद है कि फैंस इस संगीत को जरूर पसंद करेंगे। यह फिल्म और इसका संगीत लोगों के दिलों तक पहुंचेगा।”

कार्तिक सुब्बाराज ने कहा, ”इलैयाराजा के साथ काम करना मेरे लिए जिंदगी का सबसे खास अनुभव है। मैं कई सालों से उनके संगीत का प्रशंसक रहा हूं और हमेशा उनके काम से प्रेरित होता आया हूं। अपनी 10वीं फिल्म में इलैयाराजा का संगीत मिलना मेरे लिए गर्व की बात है।”

निर्देशक ने कहा, “यह सहयोग मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से भी बहुत मायने रखता है। मैं जियो स्टूडियोज और सिख्या एंटरटेनमेंट के साथ काम करने को लेकर काफी उत्साहित हूं। निर्माता गुनीत मोंगा कपूर और अचिन जैन के साथ मिलकर कुछ खास बनाने की कोशिश कर रहे है, और मैं चाहता हूं कि दर्शक जल्द इस फिल्म का अनुभव करें।”

फिल्म का नाम फिलहाल तय नहीं किया गया है और इसकी कहानी समेत बाकी जानकारियां अभी गुप्त रखी गई हैं।

Leave feedback about this

  • Service