May 23, 2026
Entertainment

इलैयाराजा के संगीत से सजेगी कार्तिक सुब्बाराज की नई फिल्म, रिलीज से पहले आएगा खास बीजीएम एल्बम

Karthik Subbaraj’s new film will feature music by Ilaiyaraaja, with a special BGM album to be released before its release.

भारतीय सिनेमा में जब किसी फिल्म से दिग्गज संगीतकार इलैयाराजा का नाम जुड़ जाता है, तो दर्शकों की उम्मीदें अपने आप बढ़ जाती हैं। अब निर्देशक कार्तिक सुब्बाराज की आने वाली नई फिल्म को लेकर भी कुछ ऐसा ही उत्साह देखने को मिल रहा है। इस फिल्म की सबसे खास बात यह है कि इसका बैकग्राउंड म्यूजिक (बीजीएम) एल्बम फिल्म रिलीज होने से पहले ही अलग रूप में दर्शकों के सामने लाया जाएगा।

कार्तिक सुब्बाराज ने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक लंबा पोस्ट साझा करते हुए इस फिल्म और उसके संगीत को लेकर कई खास बातें बताईं। उन्होंने कहा, ”यह मेरी दसवीं फिल्म है। यह कहानी मेरे दिल के बेहद करीब है। मैं फिल्म ‘महान’ के बाद इसी कहानी पर काम करना चाहता था, लेकिन हर कहानी का अपना समय होता है। कुछ कहानियां खुद तय करती हैं कि उन्हें कब और कैसे दुनिया के सामने आना है। अब जाकर यह फिल्म सही समय और सही लोगों के साथ बन पाई है।”

निर्देशक ने अपनी टीम की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, ”निर्माता गुनीत मोंगा और अचिन जैन ने पहली ही मीटिंग में मेरी सोच और विजन को समझ लिया था। यह फिल्म अब सिर्फ मेरा सपना नहीं, बल्कि पूरी टीम का सपना बन चुकी है।”

उन्होंने जियो स्टूडियोज और सिख्या एंटरटेनमेंट का भी धन्यवाद किया और कहा कि सभी ने मिलकर इस प्रोजेक्ट को खास बनाने में बड़ी भूमिका निभाई है।

उन्होंने आगे कहा, ”मेरे लिए इस फिल्म की सबसे बड़ी खुशी यही है कि महान संगीतकार इलैयाराजा ने इसका संगीत तैयार किया है। मैं बचपन से ही इलैयाराजा के संगीत को सुनते हुए बड़ा हुआ हूं। मेरी जिंदगी के हर एहसास से इलैयाराजा का कोई न कोई गीत जुड़ा हुआ है। चाहे खुशी का समय हो, दुख का पल हो, प्यार, गुस्सा, प्रेरणा या भावनाएं, हर भावना के साथ मेरे संगीत की याद जुड़ी हुई है। इलैयाराजा मेरे लिए जिंदगी जीने का एक तरीका हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “मेरा हमेशा से सपना था कि मैं इलैयाराजा के साथ काम करूं, लेकिन पहले कभी हिम्मत नहीं जुटा पाया। इस बार जब फिल्म का पहला कट तैयार हुआ, तो मुझे लगा कि यह कहानी इलैयाराजा को जरूर पसंद आएगी। जब मैंने फिल्म उन्हें दिखाई, तो मेरी उम्मीद सच साबित हुई। फिल्म देखने के बाद उन्होंने तुरंत काम करने के लिए हामी भर दी।”

कार्तिक ने कहा, ”इलैयाराजा ने शनिवार शाम फिल्म देखी और अगले ही दिन से संगीत पर काम शुरू करने की बात कही। इसके बाद अगले 25 दिन निर्देशक के लिए बेहद खास अनुभव बन गए। एक महान कलाकार को अपने सामने संगीत बनाते देखना किसी सपने के सच होने जैसा था।”

उन्होंने बताया कि इलैयाराजा ने खुद सुझाव दिया कि फिल्म के गानों के अलावा इसका बैकग्राउंड स्कोर भी अलग एल्बम के रूप में रिलीज होना चाहिए, ताकि दर्शक पहले ही उस संगीत की भावना को महसूस कर सकें।

Leave feedback about this

  • Service