N1Live Entertainment ‘कसूर’ से मिली फिल्म इंडस्ट्री में पहचान, कैंसर से जीती जंग, ‘आफरीन’ गर्ल की कहानी
Entertainment

‘कसूर’ से मिली फिल्म इंडस्ट्री में पहचान, कैंसर से जीती जंग, ‘आफरीन’ गर्ल की कहानी

'Kasoor' brought her recognition in the film industry, she won the battle against cancer, the story of the girl 'Afreen'

5 अप्रैल । अभिनेत्री और मॉडल लीजा रे की कहानी सिर्फ सफलता की नहीं, बल्कि हौसले, संघर्ष और जिंदगी से कभी हार न मानने की मिसाल भी है। कनाडा की इस खूबसूरत एक्ट्रेस ने मॉडलिंग से करियर की शुरुआत की, बॉलीवुड में अपनी जगह बनाई, घातक कैंसर को हराया और सरोगेसी के जरिए दो प्यारी जुड़वा बेटियों की मां बनीं।

लीजा रे का जन्म 4 अप्रैल 1972 को कनाडा के टोरंटो में हुआ था। मात्र 16 साल की उम्र में उन्होंने मॉडलिंग की दुनिया में कदम रख दिया। साल 1996 में नुसरत फतेह अली खान के मशहूर गाने ‘आफरीन-आफरीन’ में उन्होंने पहली बार स्क्रीन पर धमाल मचाया। इसके बाद उन्होंने तमिल फिल्म ‘नेताजी’ से अभिनय की शुरुआत की। साल 2001 उनके करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ जब उन्होंने आफताब शिवदासानी के साथ हिंदी फिल्म ‘कसूर’ से बॉलीवुड एंट्री की। इस थ्रिलर फिल्म में उनकी एक्टिंग और खूबसूरती दोनों को खूब सराहा गया।

गानों में भी वे काफी प्रभावशाली नजर आईं। इसके बाद साल 2004 में दीपा मेहता की फिल्म ‘वॉटर’ आई, जो ऑस्कर के लिए नामांकित हुई। इस फिल्म ने लीजा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई और उनकी एक्टिंग स्किल्स को नई ऊंचाई दी।

लीजा रे की जिंदगी आसान नहीं रही। साल 2009 में उन्हें मल्टीपल मायलोमा नामक ब्लड कैंसर का पता चला। यह बीमारी बहुत खतरनाक होती है और ज्यादातर लोग इससे हार मान लेते हैं। लेकिन लीजा ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने इलाज कराया और साल 2010 में स्टेम सेल ट्रांसप्लांट कराकर इस बीमारी पर जीत हासिल की। कैंसर से उबरने के बाद भी वे दवाइयों पर निर्भर रहीं, लेकिन अपनी जिंदगी को नई दिशा देने में लगी रहीं।

कैंसर पर काबू पाने के बाद लीजा ने बॉलीवुड में वापसी की। साल 2015-2016 में रिलीज हुई फिल्म ‘इश्क फॉरएवर’ से उन्होंने फिर से दर्शकों का ध्यान खींचा। इसके अलावा उन्होंने ‘वीरप्पन’ जैसी फिल्म में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अपनी मेहनत और सकारात्मक सोच की वजह से वह आज भी इंडस्ट्री में सक्रिय हैं।

निजी जिंदगी में भी लीजा ने कई चुनौतियों का सामना किया। कैंसर के इलाज की वजह से उनकी प्राकृतिक मातृत्व की संभावना प्रभावित हो गई थी। लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। साल 2012 में उन्होंने जेसन देहनी से शादी की। इसके बाद दंपति ने सरोगेसी का रास्ता चुना। साल 2018 में जॉर्जिया के टिबिलिसी में सरोगेसी के जरिए उनकी दो जुड़वा बेटियां हुईं, जिनका नाम उन्होंने सूफी और सोलेल रखा।

लीजा ने खुद इंस्टाग्राम पर इस खुशी को शेयर किया था। उन्होंने लिखा था कि मां बनने की खुशी शब्दों में बयां नहीं की जा सकती। आज लीजा अपनी दोनों बेटियों के साथ खुशहाल जिंदगी बिता रही हैं। वह सोशल मीडिया पर एक्टिव रहती हैं और अक्सर बच्चों और परिवार के साथ अपनी तस्वीरें पोस्ट करती रहती हैं।

Exit mobile version