N1Live National कौशांबी पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामलाः पुलिस ने मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार
National

कौशांबी पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामलाः पुलिस ने मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार

Kaushambi firecracker factory explosion case: Police arrest prime accused after an encounter.

उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले के मनौरी में हुए पटाखा फैक्ट्री विस्फोट के बाद पुलिस का ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। जिले की एसओजी और चरवा थाना पुलिस और मुख्य आरोपी नौशाद अली की सोमवार देर रात पुलिस से मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में नौशाद के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

दरअसल, पिपरी पुलिस स्टेशन इलाके में स्थित मनौरी बाजार में सोमवार को एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लगने और उसके बाद कई धमाके होने से कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए थे। इस मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया है। वहीं, लापरवाही बरतने वाले 5 पुलिसकर्मियों पर भी गाज गिरी है।

सीओ शिवांक सिंह ने बताया, “कल एक पटाखा फैक्ट्री में आग लगने की घटना हुई थी। मुख्य आरोपी को पकड़ने के लिए टीमें बनाई गई थीं। सुबह करीब 4 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि घटना का मुख्य आरोपी भागने की फिराक में है। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर ली। आरोपी ने पुलिस पर गोली चलाई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। पूछताछ के दौरान उसने अपनी पहचान नौशाद के तौर पर बताई। घायल का इलाज चल रहा है। बाकी आरोपियों को पकड़ने की कोशिशें जारी हैं।”

पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि सोमवार को थाना पिपरी अन्तर्गत पटाखा फैक्ट्री में हुई विस्फोट की घटना की सूचना पर प्रशासन एवं पुलिस टीमों द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत व बचाव कार्य किया। इस घटना के संबंध में 6 आरोपियों के खिलाफ पिपरी थाने में केस दर्ज किया गया है। केस दर्ज करने के बाद आरोपी शबाना पत्नी शकील व साइना पुत्री शकील निवासी महमूदपुर को नियमानुसार हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

वहीं, पुलिस अधीक्षक ने इस घटना में घोर लापरवाही बरतने पर थाना प्रभारी पिपरी विकास सिंह, चौकी 5 प्रभारी चायल सब इंस्पेक्टर अमित द्विवेदी और पूर्व चौकी प्रभारी चायल सब इंस्पेक्टर मनीष पाल को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। इसके अलावा थाना पिपरी पर नियुक्त बीट कांस्टेबल जितेन्द्र कुमार व कांस्टेबल कृष्ण कुमार द्वारा घोर लापरवाही और पटाखा फैक्ट्री के संचालन से संबंधित सूचना दर्ज न कराने के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

जिला मजिस्ट्रेट अमित पाल शर्मा ने बताया कि नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (एनडीआरएफ) और स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (एसडीआरएफ) की टीमें मौके पर पहुंचकर बचाव और राहत कार्य किया।

इस घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए अधिकारियों को बचाव कार्यों में तेजी लाने और घायलों के उचित इलाज को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था। उन्होंने प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद देने का भी निर्देश दिया था। मुख्यमंत्री ने मारे गए लोगों के परिवारों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

Exit mobile version