N1Live Entertainment कविता कृष्णमूर्ति ने बॉलीवुड में पूरे किए शानदार 50 साल, लंबे करियर में दिए कई हिट गाने
Entertainment

कविता कृष्णमूर्ति ने बॉलीवुड में पूरे किए शानदार 50 साल, लंबे करियर में दिए कई हिट गाने

Kavita Krishnamurthy completes 50 glorious years in Bollywood, has given many hit songs in her long career

22 मार्च । ‘आज मैं ऊपर आसमां नीचे,’ ‘हवा हवाई,’ ‘के सरा सरा,’ ‘मेरा पिया घर आया’ और ‘प्यार हुआ चुपके से’ जैसे आइकॉनिक गाने देने वाली मशहूर गायिका कविता कृष्णमूर्ति के गाने आज भी लोगों की जुबान पर रहते हैं। गायिका ने अपने क्राफ्ट से अपनी अलग पहचान बनाई और कई हिट फिल्मों के लिए अपनी आवाज दी।

गायिका ने हाल ही में बॉलीवुड में 50 साल पूरे कर लिए हैं। सिंगिंग रियलिटी शो के हालिया एपिसोड में उनकी इस उपलब्धि को शानदार तरीके से सेलिब्रेट किया गया। दरअसल, शो के एक खास एपिसोड में कविता कृष्णमूर्ति ने शिरकत की। इस दौरान सभी ने मजेदार अंदाज में उन्हें सरप्राइज दिया।

शो के होस्ट चैनल द्वारा जारी किए गए हालिया प्रोमो में होस्ट आदित्य नारायण कविता को एक बैट भेंट किया। इस मंजर को देख जज और कंटेस्टेंट्स हैरान थे कि आखिर मामला क्या है। इसके बाद आदित्य ने सभी को बताया कि 2026 में कविता जी बॉलीवुड में 50 साल, यानी आधी सदी पूरी कर लेंगी।

उन्होंने कहा, “यह इंडस्ट्री ऐसी है जहां ज्यादातर लोगों का करियर 5 साल भी नहीं चल पाता, लेकिन कविता जी ने यहां 50 साल तक काम किया है। यह उनकी मेहनत और लगन का कमाल है।”

शो में अपनी मौजूदगी पर कविता ने कहा, “इंडियन आइडल हमेशा से संगीत का एक बड़ा उत्सव रहा है। यहां इतने जुनूनी और टैलेंटेड युवा गायकों को देखकर बहुत अच्छा लगता है। कंटेस्टेंट्स ने अपने गानों में इतनी ईमानदारी और भावनाएं डालीं कि दिल छू गया। हर परफॉर्मेंस अपने आप में खास थी।”

तमिल परिवार से ताल्लुक रखने वाली दिग्गज पार्श्वगायिका कविता कृष्णमूर्ति ने हिंदी सहित 45 से अधिक भाषाओं में 50,000 से ज्यादा गाने गाए हैं। उन्हें 90 के दशक की हिंदी फिल्मों में अपनी सुरीली आवाज के लिए जाना जाता है। 2005 में पद्मश्री से सम्मानित कविता को चार फिल्मफेयर पुरस्कार मिले हैं। गायिका ने 1980 में ‘मांग भरो सजना’ गाने से शुरुआत की, लेकिन ‘मिस्टर इंडिया’ (1987) के “हवा-हवाई” ने उन्हें घर-घर पहचान दिलाई।

Exit mobile version