N1Live Entertainment केरल : अभिनेता संतोष नायर का कार एक्सीडेंट में निधन, मोहनलाल ने कहा- असमय जाना खलेगा
Entertainment

केरल : अभिनेता संतोष नायर का कार एक्सीडेंट में निधन, मोहनलाल ने कहा- असमय जाना खलेगा

Kerala: Actor Santosh Nair dies in a car accident, Mohanlal says his untimely demise will be a loss

6 मई । मलयालम सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता संतोष नायर का मंगलवार को सड़क दुर्घटना के बाद निधन हो गया। वह 65 वर्ष के थे। अपने दोस्त के निधन पर अभिनेता मोहनलाल ने दुख जताया है।

यह दुर्घटना केरल के पतनमथिट्टा जिले के अडूर के पास एनाथु इलाके में सुबह करीब 6:30 बजे हुई, जिस कार में संतोष नायर पत्नी शुभाश्री के साथ यात्रा कर रहे थे, वह बेकाबू होकर एक पार्सल लॉरी से टकरा गई।

इसके बाद उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। उनकी पत्नी शुभाश्री और लॉरी चालक भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है।

संतोष नायर मलयालम फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार मोहनलाल के बेहद करीबी दोस्त थे। उनके निधन की खबर मिलते ही मोहनलाल आहत नजर आए। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर शोक व्यक्त करते हुए मोहनलाल ने लिखा, “आज सुबह मुझे बहुत दुखद खबर मिली। मेरे प्यारे संतोष, जो मेरे बहुत करीब थे, एक कार एक्सीडेंट में गुजर गए।”

मोहनलाल ने आगे लिखा, “संतोष कॉलेज में मेरे जूनियर थे। उस समय से वह मेरे अच्छे दोस्त और भाई जैसे थे। हमने कई फिल्मों में साथ काम किया है। वह बेहद खास और काम को लेकर एक जिद्दी इंसान थे, वह अच्छे दिल वाले इंसान थे। जिन्हें सब प्यार करते थे। संतोष का अचानक, असमय चला जाना खलेगा, उनके और उनके परिवार के लिए मेरी दिल से संवेदनाएं।”

संतोष नायर और मोहनलाल की दोस्ती तिरुवनंतपुरम के एमजी कॉलेज से शुरू हुई थी। संतोष मोहनलाल से जूनियर थे और कॉलेज पत्रिका के संपादक के रूप में सक्रिय रहे थे। दोनों ने छात्र जीवन में कई यादगार पल साझा किए थे।

संतोष नायर के फिल्मी सफर पर नजर डालें तो उन्होंने वर्ष 1982 में फिल्म ‘इथु नंगलुदे कथा’ से अभिनय की शुरुआत की। उन्होंने 100 से अधिक फिल्मों में काम किया। खलनायक, हास्य और कैरेक्टर रोल में वे खूब पसंद किए गए। फिल्म ‘इरुपथम नूट्टांडु’ में उनका अभिनय खासतौर पर याद किया जाता है।

1990 के दशक के अंत में कुछ समय के लिए उन्होंने फिल्मों से ब्रेक लिया था, लेकिन बाद में वापसी की और लगातार सक्रिय रहे। उनकी आखिरी फिल्म ‘मोहिनियट्टम’ थी।

12 नवंबर 1960 को तिरुवनंतपुरम में जन्मे संतोष नायर छात्र राजनीति में भी सक्रिय थे। फिल्म जगत के अंदर और बाहर दोनों जगह वे अपनी दोस्ती और जीवंत व्यक्तित्व के लिए मशहूर थे।

Exit mobile version