N1Live National मध्य प्रदेश की कानून व्यवस्था गड़बड़ाई, अपराध का ग्राफ बढ़ा: जीतू पटवारी
National

मध्य प्रदेश की कानून व्यवस्था गड़बड़ाई, अपराध का ग्राफ बढ़ा: जीतू पटवारी

Law and order in Madhya Pradesh has deteriorated, crime graph has increased: Jitu Patwari

11 मई । कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया है कि राज्य की कानून व्यवस्था पूरी तरह गड़बड़ा गई है और उसी का नतीजा है कि अपराध का ग्राफ भी तेजी से बढ़ रहा है।

जीतू पटवारी ने सतना में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने अपने विधायकों, मंत्रियों, उनके रिश्तेदारों और कार्यकर्ताओं को खुली छूट दे दी है कि वे जितनी अराजकता फैलाना चाहें फैलाएं, क्योंकि सरकार उनकी है। प्रदेश में लगातार ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं जहां मंत्री, विधायक और उनके समर्थक अपराधों में संलिप्त पाए जा रहे हैं।

पटवारी ने शिवपुरी में भाजपा विधायक प्रीतम लोधी द्वारा अधिकारियों को धमकाने और अभद्र भाषा का प्रयोग करने की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा नेताओं की भाषा, व्यवहार और प्रशासनिक तंत्र को डराने-धमकाने की प्रवृत्ति प्रदेश की स्थिति को स्पष्ट करती है। उन्होंने कहा कि जब सत्ता पक्ष के जनप्रतिनिधि ही प्रशासन को भयभीत करेंगे तो कानून व्यवस्था कैसे कायम रह सकती है।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश अब जंगलराज का पर्याय बन चुका है। बिहार और उत्तरप्रदेश को लेकर जो बातें पहले कही जाती थीं, अब वही स्थिति मध्यप्रदेश में दिखाई दे रही है। प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और सरकार पूरी तरह मूकदर्शक बनी हुई है।

पटवारी ने कहा कि भ्रष्टाचार भाजपा सरकार की पहचान बन चुका है। यदि भ्रष्टाचार का सिक्का उछाला जाए तो एक तरफ भाजपा और दूसरी तरफ भ्रष्टाचार दिखाई देगा। प्रदेश का शायद ही कोई ऐसा सरकारी कार्यालय बचा हो जहां बिना भ्रष्टाचार आम जनता का काम हो रहा हो। भ्रष्टाचार भाजपा के खून में इस तरह दौड़ने लगा है कि उसका सीधा असर जनता पर पड़ रहा है।

पटवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र की मर्यादाओं का सम्मान करती है। कांग्रेस यह मानती है कि जो जीता वही सिकंदर, लेकिन विपक्ष होने के बावजूद जनता की आवाज उठाना और सरकार की विफलताओं को सामने लाना उसका दायित्व है।

Exit mobile version