April 28, 2026
National

एलडीए अनंत नगर के प्लॉट 28 अप्रैल से खुलेंगे, 498 भूखंडों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू

LDA Anant Nagar plots to open from April 28; online registration begins for 498 plots

28 अप्रैल । राजधानी में घर का सपना देखने वालों के लिए बड़ी खबर है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की महत्वाकांक्षी अनंत नगर योजना के तहत 498 भूखण्डों के लिए 28 अप्रैल 2026 से ऑनलाइन पंजीकरण शुरू किया जाएगा। यह प्रक्रिया 27 मई 2026 तक चलेगी और आवंटन पूरी तरह पारदर्शी लॉटरी प्रणाली के जरिए किया जाएगा।

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार द्वारा जारी आदेश के अनुसार, मोहान रोड स्थित करीब 785 एकड़ में विकसित हो रही इस योजना को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप ग्रिड पैटर्न पर तैयार किया जा रहा है। योजना में आधुनिक सुविधाओं के साथ लगभग डेढ़ लाख लोगों के लिए आवासीय व्यवस्था विकसित की जा रही है। चौड़ी सड़कों, भूमिगत बिजली व्यवस्था और पर्यावरण अनुकूल इंफ्रास्ट्रक्चर इस योजना को खास बनाते हैं।

इस चरण में कुल 498 भूखण्डों को शामिल किया गया है, जिनमें सबसे अधिक 493 भूखण्ड आलोक खण्ड में हैं, जबकि आदर्श खण्ड में 4 और आकाश खण्ड में 1 भूखण्ड उपलब्ध कराया जा रहा है। प्लॉट तीन श्रेणियों ‘162, 200 और 288 वर्गमीटर’ में उपलब्ध होंगे।

एलडीए के अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा के मुताबिक, इच्छुक आवेदकों को पोर्टल पर जाकर पंजीकरण पुस्तिका खरीदनी होगी। इसके बाद भूखण्ड के अनुमानित मूल्य का 5 प्रतिशत पंजीकरण शुल्क जमा कर आवेदन प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी। सफल आवेदकों को लॉटरी के माध्यम से भूखण्ड आवंटित किए जाएंगे।

अनंत नगर योजना को एक स्मार्ट और ग्रीन टाउनशिप के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां 130 एकड़ में ग्रीन स्पेस, ईवी चार्जिंग स्टेशन, सामुदायिक केंद्र, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट और जीरो लिक्विड डिस्चार्ज जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके अलावा, एडुटेक सिटी के रूप में एक बड़े हिस्से का विकास भी प्रस्तावित है, जो इस योजना को भविष्य के शहरी मॉडल के रूप में स्थापित करेगा।

Leave feedback about this

  • Service