April 16, 2026
Entertainment

जंगल में अपना कचरा नहीं, अपनी यादें छोड़ें : रणदीप हुड्डा

Leave your memories in the forest, not your garbage: Randeep Hooda

15 अप्रैल । मनुष्य की आधुनिक जीवनशैली और विकास की भूख ने उसे इस कदर अंधा कर दिया है कि वह अपनी जड़ों को धीरे-धीरे नष्ट करने पर लगा हुआ है। शहरों को कंक्रीट के जंगलों में बदलने के बाद अब उसकी नजर जंगलों पर है। पर्यटन और घूमने-फिरने के नाम पर लोग जंगलों में प्लास्टिक का कचरा और गंदगी के ढेर छोड़ रहे हैं। यह कचरा वहां के जानवरों और पेड़-पौधों के लिए धीरे-धीरे जहर बन रहा है।

इसी मुद्दे पर ध्यान दिलाते हुए बुधवार को अभिनेता रणदीप हुड्डा ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया। इसमें एक बाघ तालाब से पानी पीते हुए दिखाई दे रहा है। शुरू में यह सीन बहुत शांत और खूबसूरत लगता है, लेकिन जैसे-जैसे वीडियो आगे बढ़ता है, आसपास प्लास्टिक का कचरा साफ नजर आने लगता है।

यह सीन जंगल में फैली इंसानी लापरवाही की कड़वी कच्चाई को दिखाता है कि ऐसे इलाकों तक अब गंदगी पहुंच चुकी है, जहां पहले इंसान की पहुंच बहुत कम थी। अभिनेता ने अपनी पोस्ट के जरिए सभी को संदेश दिया कि जंगल में जो भी चीज हम ले जाते हैं, खासकर प्लास्टिक की बोतलें, थैलियां या अन्य कचरा, उसे कभी भी वहीं नहीं छोड़ना चाहिए।

वीडियो पोस्ट कर अभिनेता ने लिखा, “यह सुंदर है, लेकिन जब तक कि यह सुंदर नहीं रहता। जंगल को हमारे प्लास्टिक की जरूरत नहीं है। उसे हमारे सम्मान की जरूरत है।”

अभिनेता की पोस्ट को काफी पसंद किया जा रहा है। यूजर्स उनकी राय की सराहना कर रहे हैं और कमेंट सेक्शन पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देते नहीं थक रहे हैं।

अभिनेता जल्द ही फिल्म ‘ऑपरेशन खुकरी’ में नजर आएंगे। बताया जा रहा है कि इसमें वह मेजर जनरल राजपाल पुनिया का किरदार पर्दे पर निभाते दिखाई देंगे। यह फिल्म मेजर जनरल राजपाल पुनिया की पुस्तक पर आधारित है, जो 233 बंधक सैनिकों को बचाने के साहसी अभियान को दर्शाती है।

राहुल मित्रा और रणदीप हुड्डा मिलकर इस फिल्म का निर्माण कर रहे हैं। फिल्म को लेकर अभी बाकी जानकारी सामने नहीं आई है।

Leave feedback about this

  • Service