N1Live Entertainment साउथ इंडियन एक्सेंट पर रश्मिका मंदाना के सपोर्ट में आईं मधु, बोलीं- खुद की पहचान अपनाना काबिले-तारीफ
Entertainment

साउथ इंडियन एक्सेंट पर रश्मिका मंदाना के सपोर्ट में आईं मधु, बोलीं- खुद की पहचान अपनाना काबिले-तारीफ

अभिनेत्री मधू ने हाल ही में कॉफी विद करण के एक एपिसोड में रश्मिका मंदाना के साउथ इंडियन एक्सेंट को लेकर दिए गए बयान के बाद उनके सपोर्ट पर सामने आई। अभिनेत्री मधु का कहना है कि रश्मिका ने जिस तरह अपनी पहचान को अपनाया है और आत्मविश्वास के साथ आलोचनाओं का सामना किया है, वो काबिले-तारीफ है।

दरअसल, ‘कॉफी विद करण’ में अभिनेत्री रश्मिका मंदाना ने अपने उच्चारण, भाषा और परफॉर्मेंस के लिए ट्रोल होने के बारे में बात की थी। एक्ट्रेस ने कहा था कि वह साउथ इंडियन हैं, जिस वजह से उनका वही एक्सेंट निकलकर सामने आएगा।

रश्मिका को सपोर्ट करते हुए मधु ने उनके लिए सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने फिल्ममेकर करण जौहर के टॉक शो ‘कॉफी विद करण’ में रश्मिका के अपीयरेंस के बारे में बात की और एक्सेंट की आलोचना पर उनके जवाब देने के तरीके की तारीफ की।

मधु ने कहा, “मैंने हाल ही में टॉक शो ‘कॉफी विद करण’ देखा और इस शो में जिस तरह से रश्मिका ने अपने एक्सेंट की आलोचना को हैंडल किया, वह मुझे बहुत पसंद आया है। रश्मिका लोगों की आलोचना पर हंसती हैं और खुद को साउथ इंडियन कहती हैं और जिस तरह से उन्होंने अपने एक्सेंट को स्वीकार किया है, वह मुझे बहुत पसंद आया है।”

उन्होंने आगे कहा, “कई साल पहले, जब मैं हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में अभिनेत्री के तौर पर आई थी, तो मैं साउथ इंडियन होने की वजह से मिलने वाले जजमेंट से बहुत डरती थी और सोचती थी कि मुझे जज किया जाएगा। फिर, मैंने और ज्यादा मेहनत की। मैंने उर्दू की टीचर रखने की कोशिश की और खुद को हिंदी में बेहतर बनाया, हर वह चीज की, ताकि मेरे एक्सेंट की वजह से मैं पकड़ी न जाऊं।”

अभिनेत्री मधु ने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में शुरुआत में होने वाले संघर्ष पर खुलकर बात करते हुए कहा, “अगर मेरी आवाज में थोड़ा-सा भी कोई साउथ इंडियन एक्सेंट पकड़ लेता था, तो मैं घबरा जाती थी। जब लोग कहते थे कि मेरी हिंदी, हिंदी बोलने वालों से भी बेहतर है, तो मुझे बहुत गर्व महसूस होता था और यही मेरी जर्नी थी।

“आज, मुझे यह कहते हुए बहुत गर्व हो रहा है कि मैं साउथ इंडियन हूं। अगर मैं हिंदी में गलती करती हूं या मेरे एक्सेंट में साउथ इंडियन टच है, तो मुझे इससे कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन मुझे यहां तक पहुंचने में 30 से 35 साल लग गए। रश्मिका, तुम्हें बहुत सारी शुभकामनाएं। मुझे अच्छा लगा कि तुम इसे अपनाती हो, इस पर हंसती हो और तुम सच में एक स्टार हो। ऐसी ही बनी रहो।”

Exit mobile version