N1Live National मध्य प्रदेश: नर्मदापुरम में ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई तेज रफ्तार एसयूवी, 5 लोगों की मौत
National

मध्य प्रदेश: नर्मदापुरम में ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई तेज रफ्तार एसयूवी, 5 लोगों की मौत

Madhya Pradesh: High-speed SUV collides with tractor-trolley in Narmadapuram, 5 killed

27 अप्रैल । मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम में सोमवार तड़के तेज रफ्तार एसयूवी और ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, नर्मदापुरम के मखन्नगर थाना क्षेत्र के अचलखेड़ा गांव के पास देर रात यह दुर्घटना हुई। पीड़ित बुधनी में एक शादी समारोह से लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार एक टेवेरा गाड़ी ने पीछे से एक ट्रॉली में टक्कर मारी। इससे गाड़ी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई, जिसके परिणामस्वरूप गाड़ी में सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सभी मृतक मखन्नगर क्षेत्र के महेंद्रवाड़ी के रहने वाले थे।

टक्कर के मौके पर वहां चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और घायलों को इलाज के लिए भर्ती कराया गया।

स्थानीय अस्पताल के डॉक्टर ने बताया कि 4 लोगों की पहले ही मौत हो चुकी थी। लगभग दो बजे 7-8 लोग घायल अस्पताल में आए थे। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। उन्होंने बताया कि कई को गंभीर चोटें आई हैं। कुछ घायलों को दूसरे अस्पताल में भी भर्ती कराया गया है।

एंबुलेंस चालक ने बताया कि देर रात में हमें दुर्घटना की सूचना मिली थी। इसके बाद कई एंबुलेंस के साथ हम लोग घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि गाड़ी गेहूं से भरी ट्रॉली से टकराई थी। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल लाया गया था। एक व्यक्ति की दूसरे अस्पताल में मौत हुई थी, जबकि 4 लोगों की मौत जिला अस्पताल लाते समय हुई। कुल 5 लोगों की मृत्यु हुई है।

एक युवक ने बताया कि वह खुद मोटरसाइकिल से बारात से लौट रहा था, जबकि गाड़ी में 9-10 लोग सवार थे। रास्ते में गाड़ी का एक्सीडेंट हुआ है। ड्राइवर समेत कुल 5 लोगों की मौत हुई है।

वहीं, देवास में जवाईखेड़ी मोड पर अज्ञात वाहन ने तीन बाइक सवारों को टक्कर मार दी। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक किशोर घायल हुआ है। घायल को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि बाइक सवार देवास में रिश्तेदारी में एक घायल महिला के हाल-चाल जानने के लिए पहुंचे थे और लौटने के दौरान हादसा हो गया।

Exit mobile version