March 9, 2026
National

मध्य प्रदेश : भारत की जीत का जश्न मना रहे लोगों के पटाखे फोड़ने से पुलिसकर्मी घायल

Madhya Pradesh: Policeman injured as people burst firecrackers celebrating India’s victory

9 मार्च । टीम इंडिया के वर्ल्ड चैंपियन बनने पर देशभर में जश्न मनाया गया। एमपी के देवास में भी भारतीय टीम की जीत का जश्न मनाने के लिए लोग सैयाजी द्वार इकठ्ठा हुए। कुछ लोगों ने पटाखे फोड़े, जिससे एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। इसके बाद लाठीचार्ज किया गया।

घायल पुलिसकर्मी उज्जैन के रहने वाले सुहेल कुमार ने बताया कि किसी ने पीछे से सुतली बम फेंका मेरे पास आकर फूट गया। मेरे नाक और चेहरे पर चोट लगी है। कौन मुझे अस्पताल लेकर आया मुझे ये भी नहीं पता है। अस्पताल में मौजूद दूसरे पुलिसकर्मी आशीष ने बताया कि पीछे से किसी ने बम फेंका था। उनके सिर के एक साइड पर चोट लगी है।

बता दें कि टीम इंडिया की जीत पर पूरे देश में जश्न मनाया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई केंद्रीय मंत्रियों ने टीम इंडिया की जीत पर बधाई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने लिखा कि आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास की कई ऊंचाइयों को छूने वाली टीम इंडिया को बहुत-बहुत बधाई। भारत को यह गर्व है कि वह तीन बार कप जीतने वाला अकेला देश है। यह लगातार दो बार कप जीतने वाली भी अकेली टीम है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “चैंपियंस! आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप जीतने पर भारतीय टीम को बधाई! यह शानदार जीत जबरदस्त स्किल्स, पक्के इरादे और टीमवर्क को दिखाती है। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में जबरदस्त हिम्मत दिखाई है। इस जीत ने हर भारतीय के दिल को गर्व और खुशी से भर दिया है। बहुत बढ़िया, टीम इंडिया!”

टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के खिताब को अपने नाम कर लिया है। रविवार को नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से रौंदा। भारत ने टी20 विश्व कप की ट्रॉफी को तीसरी बार जीता है। भारत घरेलू सरजमीं पर टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाला पहला देश बन गया है। टीम इंडिया से मिले 256 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की पूरी टीम 19 ओवर में 159 रन बनाकर ऑलआउट हुई।

Leave feedback about this

  • Service