ग्वालियर में प्रॉपर्टी कारोबारी और कांग्रेस पार्टी के पूर्व प्रदेश सचिव की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि जहर खाकर वे एसपी ऑफिस पहुंचे थे। जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि सूदखोरी से तंग आकर उसने आत्महत्या की है। पुलिस को दो पन्नों का सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्वालियर के लक्ष्मीगंज निवासी राजेश किरार सोमवार को एसपी ऑफिस पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिस को बताया कि वह जहर खाकर आया है। उसे जहर खाए हुए 15 मिनट से ज्यादा वक्त हो चुका है, जिसे सुनते ही पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए। राजेश के मुंह से झाग निकलता देख आनन-फानन में उसे जयारोग्य अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने राजेश के शव को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचाया।
परिजनो का आरोप है कि राजेश प्रॉपर्टी से जुड़ा काम कर रहा था। पप्पू गुर्जर से राजेश ने 10-12 साल पहले एक से डेढ़ करोड़ रुपए कर्ज लिया था। जिसके बदले में ब्याज वसूली के साथ करीब 7 से 8 करोड़ रुपए दे चुका था लेकिन सूदखोर उससे अभी भी मूल रकम मांग रहे थे। कई बार उसकी सार्वजनिक बेइज्जती की गई, मारपीट भी की गई, जिससे तंग आकर उसने जहर खाकर आत्महत्या कर ली।
परिजनों ने बताया कि सुसाइड नोट में पप्पू गुर्जर, रामधार घुरैया, दर्शन सिंह गुर्जर, रुस्तम गुर्जर, विक्रम गुर्जर, राजेंद्र गुर्जर, कुलदीप यादव सहित नौ लोगों को मौत के लिए जिम्मेदार बताया गया है। परिजनों ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट की जांच कराने के साथ ही अन्य सभी बिंदुओं के आधार पर जांच कर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामला दर्ज कर विश्विद्यालय थाना पुलिस की ओर से जांच शुरू कर दी गई है।
ग्वालियर पुलिस मुख्यालय के डीएसपी रॉबिन जैन ने बताया कि सोमवार सुबह एसपी ऑफिस में राजेश किरार आए थे। ऑफिस में आते ही उन्होंने वहां मौजूद पुलिस अधिकारियों से कहा कि मैंने जहर खा लिया है। पुलिस की ओर से राजेश को अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने के कुछ ही देर बार राजेश की दुखद मृत्यु हो गई। राजेश की जेब से एक सुसाइट नोट मिला है, जिसकी पुष्टि की जा रही है। इस मामले में जांच कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी


Leave feedback about this