N1Live Uttar Pradesh महाकुंभ 2025 : राष्ट्रपति मुर्मू आज संगम में लगाएंगी आस्था की डुबकी, सीएम योगी करेंगे अगवानी
Uttar Pradesh

महाकुंभ 2025 : राष्ट्रपति मुर्मू आज संगम में लगाएंगी आस्था की डुबकी, सीएम योगी करेंगे अगवानी

Mahakumbh 2025: President Murmu will take a dip of faith in Sangam today, CM Yogi will receive

महाकुंभ नगर, 10 फरवरी । देश की प्रथम नागरिक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज यानी सोमवार को प्रयागराज में होंगी। वह महाकुंभ पहुंचकर संगम में आस्था की डुबकी लगाएंगी। संगम स्नान के अलावा, राष्ट्रपति मुर्मू अक्षयवट और बड़े हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगी। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनकी अगवानी करेंगे।

राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए प्रयागराज में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। उनके आगमन से पहले वीआईपी घाट खाली कराया जा रहा है। पुलिस श्रद्धालुओं को स्नान घाट से बाहर जाने का निर्देश देती हुई नजर आई।

राष्ट्रपति राजकीय विमान से बमरौली एयरपोर्ट पर पहुंचेंगी। इसके बाद हेलिकॉप्टर से अरैल के डीपीएस हेलीपैड पर उतरेंगी। फिर वह कार से अरैल घाट पहुंचेंगी। इसके बाद क्रूज के जरिए संगम तट पर जाएंगी। यहां वह पवित्र संगम में डुबकी लगाएंगी।

देश की प्रथम नागरिक का संगम में पावन डुबकी लगाने का यह ऐतिहासिक क्षण होगा। उनकी उपस्थिति से महाकुंभ के धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व को एक नई ऊंचाई मिलेगी। इससे पहले भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने महाकुंभ में पावन स्नान किया था।

रविवार को जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक राष्ट्रपति करीब 8 घंटे का वक्त प्रयागराज में बिताएंगी। शाम 5:45 बजे राष्ट्रपति नई दिल्ली लौट आएंगी।

महाकुंभ में अब तक 40 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं। इस ऐतिहासिक आयोजन में देश के विभिन्न हिस्सों से साधु-संत, राजनेता, सामाजिक कार्यकर्ता और आमजन आस्था के साथ भाग ले रहे हैं। प्रयागराज का यह महाकुंभ सनातन संस्कृति की अनंत धारा को विश्व पटल पर गौरवान्वित कर रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (मंत्रिमंडल समेत) संगम में डुबकी लगा चुके हैं। इसके अलावा प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल, हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी, मणिपुर के सीएम एन बीरेन सिंह, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, अर्जुन राम मेघवाल, श्रीपद नाइक, बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी, राज्यसभा सांसद सुधा मूर्ति, असम विधानसभा अध्यक्ष बिस्वजीत दैमारी, सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, प्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता माता प्रसाद पांडे भी पवित्र स्नान कर चुके हैं।

Exit mobile version