N1Live National महाराष्ट्र: शादी का झांसा देकर करोड़ों की ठगी, विधवा और तलाकशुदा महिलाओं को निशाना बनाने वाला गिरफ्तार
National

महाराष्ट्र: शादी का झांसा देकर करोड़ों की ठगी, विधवा और तलाकशुदा महिलाओं को निशाना बनाने वाला गिरफ्तार

Maharashtra: Man arrested for swindling crores under the pretext of marriage; targeted widows and divorced women.

18 जुलाई । महाराष्ट्र के डोंबिवली में विष्णुनगर पुलिस ने शादी का झांसा देकर महिलाओं से करोड़ों रुपए की ठगी करने वाले एक शातिर ठग को उत्तर प्रदेश के सीतापुर से गिरफ्तार किया है।

आरोपी की पहचान 48 वर्षीय अनुज संतोष तिवारी उर्फ अनुज कुमार त्रिवेदी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह वैवाहिक वेबसाइटों और अखबारों में प्रकाशित विवाह संबंधी विज्ञापनों के जरिए अकेली, विधवा और तलाकशुदा महिलाओं को अपने जाल में फंसाता था। अब पुलिस इस बड़े ठगी गिरोह के संबंधों की जांच कर रही है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी शादी से जुड़ी वेबसाइटों और अखबारों में प्रकाशित विज्ञापनों के माध्यम से महिलाओं से संपर्क करता था। वह खास तौर पर उन महिलाओं को निशाना बनाता था, जो अकेली रहती थीं, विधवा थीं या जिनके बच्चे विदेश में रहते थे।

एक 73 वर्षीय महिला से दोस्ती करने के बाद उसने पहले उनके घर से जेवरात चुरा लिए। इसके बाद उनके नाम पर मोबाइल सिम जारी कराया और पुणे की एक आलीशान आवासीय सोसायटी में घर दिलाने का झांसा देकर उनका मकान बिकवा दिया। इस तरह उसने महिला से करीब 57 लाख रुपये ठग लिए।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए दूसरी महिलाओं के नाम पर जारी सिम कार्ड का इस्तेमाल करता था। उसने कई महिलाओं को शादी का सपना दिखाकर उनसे कैश और जेवरात ठग लिए। इतना ही नहीं, कुछ महिलाओं के नाम पर कर्ज भी दिलवाया। एक मामले में उसके खिलाफ महिला के यौन शोषण का आरोप भी सामने आया है।

करीब एक साल तक तलाश करने के बाद विष्णुनगर पुलिस ने आरोपी को उत्तर प्रदेश के सीतापुर से गिरफ्तार कर लिया। अदालत ने उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ महाराष्ट्र के कई जिलों में मामले दर्ज हैं। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसने देशभर में कितनी महिलाओं को अपना शिकार बनाया है।

Exit mobile version