प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को कोलकाता और उसके आसपास 12 जगहों पर एक साथ छापेमारी और तलाशी अभियान चलाया। यह कार्रवाई तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक और बिधाननगर नगर निगम के पूर्व मेयर सब्यसाची दत्ता के खिलाफ चल रही मनी लॉन्ड्रिंग जांच के सिलसिले में की गई है।
सूत्रों ने बताया कि जिन जगहों पर तलाशी ली जा रही है, उनमें कुछ ऐसे व्यापारियों के घर भी शामिल हैं, जो पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार के दौरान दत्ता के करीबी माने जाते थे।
इस तलाशी का मुख्य मकसद दस्तावेजी सबूत जुटाना है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि अपराध से कमाई गई रकम को स्थानीय व्यवसायों और निर्माण क्षेत्र में कैसे खपाया गया।
ईडी ने इस साल की शुरुआत में पश्चिम बंगाल पुलिस द्वारा दत्ता की गिरफ्तारी के बाद प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) के तहत एनफोर्समेंट केस इंफॉर्मेशन रिपोर्ट (ईसीआईआर) दर्ज कर जांच शुरू की थी। केंद्रीय एजेंसी की यह जांच राज्य पुलिस द्वारा पूर्व विधायक के खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर पर आधारित है।
सब्यसाची दत्ता को 8 जून को बिधाननगर सिटी पुलिस के अंतर्गत आने वाले बिधाननगर-उत्तर पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने 2018 के एक जबरन वसूली मामले में गिरफ्तार किया था। एक स्थानीय व्यवसायी ने उन पर जबरन 1 करोड़ रुपए मांगने का आरोप लगाया था।
शिकायत के मुताबिक, दत्ता ने मांगी गई रकम वसूलने के लिए अपने साथियों को उस व्यवसायी के पास भेजा था। शिकायतकर्ता का दावा है कि वह केवल 2.30 लाख रुपए ही दे पाया, जिसके बाद बाकी रकम का इंतजाम करने के लिए उस पर दबाव डाला गया।
शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दत्ता को गिरफ्तार किया और बाद में जांच के हिस्से के रूप में उनसे जुड़े कई ठिकानों पर तलाशी ली।
इसके बाद ईडी ने ईसीआईआर दर्ज की और वित्तीय लेन-देन तथा अपराध से कमाई गई रकम के संभावित प्रवाह की जांच शुरू कर दी। केंद्रीय एजेंसी के अधिकारियों ने इससे पहले भी इस मामले के सिलसिले में कई जगहों पर छापेमारी और तलाशी अभियान चलाया था। कलकत्ता उच्च न्यायालय ने 13 अक्टूबर को दत्ता को जमानत दे दी, हालांकि उन्हें राहत देते हुए अदालत ने निर्देश दिया कि जांच के दौरान वे जांच एजेंसी को पूरा सहयोग दें। पूर्व विधायक ने शुरू से ही अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया है।

Leave feedback about this