June 10, 2026
National

बेंगलुरु में प्रधानमंत्री के रूट पर विस्फोटक सामग्री मिलने के मामले में बड़ा एक्शन, छह पुलिसकर्मी निलंबित

Major action taken in Bengaluru in connection with the discovery of explosives on the Prime Minister’s route; six policemen suspended

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 10 मई को बेंगलुरु यात्रा के दौरान विस्फोटक सामग्री मिलने के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। बेंगलुरु दक्षिण (रामनगर) के पुलिस अधीक्षक के आदेश पर 6 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। इनमें एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर (पीएसआई), एक असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (एएसआई) और चार कांस्टेबल शामिल हैं। इन सभी पर ड्यूटी में लापरवाही बरतने का आरोप है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने तक सभी निलंबित पुलिसकर्मी सस्पेंड रहेंगे। यह मामला उस समय सामने आया था जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बेंगलुरु दौरे पर थे। 10 मई को कनकपुरा रोड के पास जंगल क्षेत्र से सटी एक कच्ची सड़क से करीब 20 फीट दूर संदिग्ध सामग्री बरामद हुई थी। मौके से दो जिलेटिन स्टिक, छह अगरबत्तियां, माचिस, सेलोफेन टेप, बैटरी पैक, तार और सर्किट बोर्ड जैसी दिखाई देने वाली सामग्री मिली थी।

प्रधानमंत्री मोदी उस दिन ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ संस्था के 45 साल पूरे होने और उसके संस्थापक श्रीश्री रविशंकर के 70वें जन्मदिन समारोह में शामिल होने बेंगलुरु पहुंचे थे। विस्फोटक सामग्री प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थल के पास उनके पहुंचने से करीब डेढ़ घंटे पहले मिली थी, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई थीं।

इस मामले में कग्गलीपुरा पुलिस ने विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 4 और एक्सप्लोसिव एक्ट की धारा 9बी के तहत एफआईआर दर्ज की है। इन धाराओं के तहत जानमाल को नुकसान पहुंचाने के इरादे से विस्फोटक रखने या विस्फोट करने की कोशिश जैसे मामलों में कार्रवाई की जाती है।

हालांकि, अब तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है और न ही विस्फोटक सामग्री का स्रोत पता चल पाया है। जांच में मदद के लिए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की एक टीम भी दिल्ली से बेंगलुरु पहुंची थी।

Leave feedback about this

  • Service