April 29, 2026
National

ममता बनर्जी का भाजपा व आयोग पर तंज, कहा-‘लोकतंत्र के त्योहार को बर्बाद करने की हो रही कोशिश’

Mamata Banerjee taunts BJP and Commission, says, ‘Attempts are being made to ruin the festival of democracy’

29 अप्रैल । पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण के मतदान जारी है। इसी क्रम में बंगाल की मुख्यमंत्री और भवानीपुर विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की उम्मीदवार ममता बनर्जी ने दक्षिण कोलकाता के एक मतदान केंद्र का दौरा किया और चुनावी प्रक्रिया को लेकर गंभीर आरोप लगाए।

ममता बनर्जी ने पत्रकारों से बात करते हुए आरोप लगाया कि उनके पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ हिंसा की गई है। उन्होंने कहा कि “देखिए हमारे कार्यकर्ता को रात में कैसे पीटा गया। यह किस तरह की गुंडागर्दी है? वोटिंग इस तरह नहीं होती, बल्कि शांतिपूर्ण ढंग से होनी चाहिए। चुनाव लोकतंत्र का त्योहार है, लेकिन इसे पूरी तरह बर्बाद करने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने सीधे तौर पर भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा जबरदस्ती चुनाव में धांधली करना चाहती है। उन्होंने यह भी कहा कि टीएमसी के कार्यकर्ता अपने स्थान पर डटे रहेंगे, चाहे उन्हें कितनी भी मुश्किलों का सामना करना पड़े।

मुख्यमंत्री ने चुनाव प्रक्रिया में बाहरी हस्तक्षेप का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि कई ऐसे अधिकारी और ऑब्ज़र्वर बंगाल में लाए गए हैं, जो राज्य की परिस्थितियों को समझते नहीं हैं। उनके अनुसार, कुछ ऑब्ज़र्वर टीएमसी के एजेंटों को निशाना बना रहे हैं और पुलिस थानों में जाकर दबाव बना रहे हैं।

ममता बनर्जी ने केंद्रीय सुरक्षा बलों पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि “कल रात सीआरपीएफ ने बिना स्थानीय पुलिस के 70 नंबर वार्ड के पार्षद के घर पर कार्रवाई की। उस समय घर में केवल उनकी पत्नी और बच्चा मौजूद थे, इसके बावजूद वहां तोड़फोड़ की गई।” इस घटना को उन्होंने अत्याचार करार देते हुए कहा कि वह पूरी रात जागती रहीं और हालात पर नजर बनाए रखी।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बाहरी ऑब्ज़र्वर भाजपा के इशारे पर काम कर रहे हैं। उनके मुताबिक, “भाजपा जो कहती है, वही किया जा रहा है। हमारे पोस्टर तक हटा दिए गए हैं। क्या चुनाव ऐसे होते हैं? वोट मतदाता डालेंगे, न कि पुलिस या सुरक्षा बल।”

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि उनकी पार्टी और वे खुद चाहते हैं कि मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे निर्भय होकर मतदान करें और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में हिस्सा लें।

Leave feedback about this

  • Service