April 20, 2026
National

मणिपुर: सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट के मामले में पुलिस ने की कार्रवाई, एक गिरफ्तार

Manipur: Police take action in case of inflammatory post on social media, one arrested

20 अप्रैल । मणिपुर पुलिस ने फेसबुक अकाउंट ‘मीतेई नोंग्सा लाम्यानबा’ पर भड़काऊ और उत्तेजक सामग्री पोस्ट करने के मामले में एक शख्स को गिरफ्तार किया है। मणिपुर पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में इसकी जानकारी दी है।

पुलिस की ओर से बताया गया कि ‘मीतेई नोंग्सा लाम्यानबा’ नाम के एक फेसबुक अकाउंट पर बेहद भड़काऊ और उत्तेजक सामग्री पोस्ट करते हुए पाया गया; इसमें धमकियां और हिंसा के लिए उकसाने वाली बातें शामिल थीं, जिनसे सार्वजनिक व्यवस्था बिगड़ने का खतरा था।

इस मामले में इंफाल पूर्व के रहने वाले 23 वर्ष के तेनसुबम लाम्यानबा मैइती को गिरफ्तार किया गया है। वह एटी का सदस्य है। पुलिस ने बताया कि जांच ​​अभी जारी है। मणिपुर पुलिस ने चेतावनी दी है कि जो कोई भी हिंसा भड़काने या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

19 अप्रैल को मणिपुर की इंफाल घाटी के जिलों में सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा। यह स्थिति, संदिग्ध कुकी उग्रवादियों की ओर से दो नाबालिग बच्चों की हत्या के विरोध में बुलाए गए पांच-दिवसीय बंद के लागू होने के कारण हुई।

‘मीरा पैबीस’ और अन्य सीएसओ किया जा रहा यह आंदोलन 7 अप्रैल को बिष्णुपुर जिले में हुई एक घटना में दो नाबालिगों की हत्या के मामले में न्याय की मांग को लेकर चलाया गया था; जिससे जनता में भारी आक्रोश था।

बता दें कि 8 अप्रैल को मणिपुर पुलिस ने जनता से अपील करते हुए कहा था कि वे अफवाहों पर विश्वास न करें और झूठे वीडियो से सावधान रहें। किसी भी आधारहीन वीडियो, ऑडियो क्लिप आदि के प्रसार की सत्यता की पुष्टि केंद्रीय नियंत्रण कक्ष के नंबर 9233522822 से की जा सकती है।

पुलिस ने बताया था कि इसके अलावा सोशल मीडिया पर कई फर्जी पोस्ट प्रसारित होने की आशंका है। इसको ध्यान में रखते हुए चेतावनी दी जाती है कि सोशल मीडिया पर ऐसी फर्जी पोस्ट को अपलोड करने और प्रसारित करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं। साथ ही, यह भी अपील की जाती है कि लूटे गए हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक तुरंत पुलिस या निकटतम सुरक्षा बलों को लौटा दें।

Leave feedback about this

  • Service