N1Live Entertainment मनीषा कोइराला ने पिता का जन्मदिन मनाया, कहा- उन्हें इतना स्वस्थ और खुश पहले कभी नहीं देखा
Entertainment

मनीषा कोइराला ने पिता का जन्मदिन मनाया, कहा- उन्हें इतना स्वस्थ और खुश पहले कभी नहीं देखा

अभिनेत्री मनीषा कोइराला ने अपने पिता प्रकाश कोइराला के 80वें जन्मदिन पर उनके लिए एक भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने पिता के स्वस्थ, खुशहाल और ऊर्जावान जीवन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने उन्हें पहले कभी इतना स्वस्थ और जीवन से भरपूर नहीं देखा।

‘दिल से’ फेम अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर अपने पिता की दिनचर्या की झलक साझा की। उन्होंने बताया कि पिता ने जन्मदिन के खास दिन की शुरुआत भी अपनी नियमित फिटनेस दिनचर्या के साथ की। मनीषा ने लिखा, “पापा का 80वां जन्मदिन! सच कहूं तो मुझे नहीं लगता कि मैंने पापा को पहले कभी इतना स्वस्थ, खुश या जीवन से भरपूर देखा है।”

अभिनेत्री ने बताया कि उनके पिता सुबह तीन किलोमीटर पैदल चल चुके थे और दिनभर में 12 हजार कदम पूरे कर लिए थे। उन्होंने साढ़े आठ घंटे की अच्छी नींद ली और सुबह के व्यायाम भी पूरे कर लिए थे। इसके बाद वह जन्मदिन के विशेष ब्रंच की तैयारी कर रहे थे।

मनीषा ने पिता के अनुशासन और जीवन के प्रति उनके उत्साह की सराहना करते हुए लिखा, “वह पहले ही तीन किलोमीटर चल चुके हैं, दिनभर में 12 हजार कदम पूरे कर चुके हैं, साढ़े आठ घंटे की अच्छी नींद ले चुके हैं और सुबह का व्यायाम भी कर चुके हैं। अब वह अपने जन्मदिन के ब्रंच के लिए तैयार हो रहे हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि 80 साल की उम्र में भी उनके पिता उसी अनुशासन और जीवन के प्रति उसी उत्साह के साथ अपने खास दिन की शुरुआत कर रहे हैं, जो उन्हें परिवार के लिए बेहद खास बनाता है। मनीषा ने कहा कि उन्हें अपने पिता को इस तरह देखकर बेहद खुशी और आभार महसूस हो रहा है।

अभिनेत्री ने जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य, खुशियों और परिवार के साथ अनमोल पल बिताने की कामना की। उन्होंने लिखा, “अगर मैं उनके जन्मदिन पर एक ही इच्छा मांग सकती हूं, तो वह यही होगी कि उन्हें अच्छे स्वास्थ्य, हंसी-खुशी, ऊर्जा और परिवार के साथ अनमोल पल बिताने के कई और साल मिलें। 80वें जन्मदिन की शुभकामनाएं, पापा! आपसे बहुत प्यार है।”

मनीषा की इस पोस्ट में पिता के प्रति उनका प्रेम और सम्मान साफ झलका। उन्होंने अपने पिता की सक्रिय जीवनशैली और सकारात्मक सोच को उनके 80वें जन्मदिन के मौके पर खास तौर पर रेखांकित किया।

गौरतलब है कि प्रकाश कोइराला नेपाल के राजनीतिज्ञ हैं। वह पहले नेपाल की प्रतिनिधि सभा के सदस्य रह चुके हैं और देश की कैबिनेट में पर्यावरण, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। वह नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री बिश्वेश्वर प्रसाद कोइराला के पुत्र हैं, जिन्हें बी.पी. कोइराला के नाम से जाना जाता है।

Exit mobile version