September 10, 2026
Entertainment

सत्य निकेतन हादसे के बीच मनोज तिवारी का ‘हिंद के सितारा’ कॉन्सर्ट टला, वापस किए जाएंगे टिकट के पैसे

Manoj Tiwari’s ‘Hind Ke Sitara’ concert postponed amidst Satya Niketan incident; ticket money to be refunded.

अभिनेता और राजनेता मनोज तिवारी का सितंबर में होने वाला लाइव कॉन्सर्ट ‘हिंद के सितारा’ दिल्ली के सत्य निकेतन में हुए दुखद हादसे के चलते स्थगित कर दिया गया है। मनोज तिवारी की टीम ने बुधवार को सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। साथ ही बताया कि जिन लोगों ने पहले ही टिकट खरीद लिए हैं, उन्हें टिकट की पूरी राशि वापस कर दी जाएगी। फिलहाल कॉन्सर्ट की नई तारीख की घोषणा नहीं की गई है।

मनोज तिवारी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किए गए पोस्ट में लिखा, “दिल्ली के सत्य निकेतन में हुई दुर्भाग्यपूर्ण और बेहद दुखद घटना के कारण सितंबर में आयोजित होने वाला ‘मनोज तिवारी लाइव इन कॉन्सर्ट – हिंद के सितारा’ स्थगित किया जाता है। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं इस घटना से प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं। सभी टिकट खरीदारों को उनके टिकट की राशि वापस कर दी जाएगी।”

बता दें कि 6 सितंबर को दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में ‘हॉस्टल डेज’ नामक पांच मंजिला लड़कों का पीजी (पेइंग गेस्ट) हॉस्टल ढह गया था। इस हादसे में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 10 से अधिक लोग घायल हुए थे। हादसे के बाद छात्रों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और हॉस्टलों की सुरक्षा जांच तथा बेहतर बुनियादी सुविधाओं की मांग उठाई।

दिल्ली हाई कोर्ट ने भी इस मामले में केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार और दिल्ली विश्वविद्यालय से छात्रावासों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जवाब मांगा है।

इस बीच, बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद ने भी इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “हर साल लाखों छात्र अपने सपनों को पूरा करने के लिए दूसरे शहरों में जाते हैं, लेकिन क्या हम उन्हें रहने के लिए सुरक्षित जगह दे पा रहे हैं? दिल्ली में करीब 7 लाख छात्र नामांकित हैं, जबकि छात्रावासों की क्षमता केवल 30 हजार के आसपास है। यानी 31 में से सिर्फ एक छात्र को ही हॉस्टल मिल पाता है। विश्वविद्यालयों के आसपास खाली सरकारी जमीन की पहचान कर वहां सुरक्षित और किफायती छात्रावास क्यों नहीं बनाए जाते? साथ ही विश्वविद्यालयों को परिसर में अधिक आवास सुविधाएं विकसित करने के लिए अतिरिक्त निर्माण अनुमति दी जानी चाहिए।”

Leave feedback about this

  • Service