7 अप्रैल । झारखंड के गिरिडीह जिले के लोकाय थाना क्षेत्र स्थित मानपुर कहुवाई गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला का शव घर में फांसी के फंदे से लटका मिला, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
महिला के मायके वालों ने दामाद पर उसकी हत्या कर मामले को आत्महत्या का रूप देने की साजिश का आरोप लगाया है। मृतका की पहचान सरिता देवी के रूप में हुई है। वह गावां प्रखंड के हड़हड़ा गांव निवासी प्रकाश राय की पुत्री थी। उसकी शादी वर्ष 2022 में तिसरी प्रखंड के मानपुर कहुवाई गांव निवासी महेश राय के साथ हुई थी।
सरिता देवी के ससुराल के लोगों का कहना है कि उसने सोमवार देर रात कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उन्हें इसकी जानकारी मंगलवार को हुई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया और आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए।
मृतका के मायके पक्ष ने घटना को संदिग्ध बताते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सरिता देवी की मां ने उसके पति महेश राय पर हत्या का आरोप लगाते हुए कहा है कि उनकी बेटी की हत्या कर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सरिता देवी अपने पीछे एक वर्ष की मासूम बच्ची छोड़ गई है। घटना की सूचना पर लोकाय थाना प्रभारी अमित कुमार और थानसिंहडीह थाना प्रभारी नीरज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस आत्महत्या और हत्या, दोनों संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

