April 13, 2026
National

मथुरा: अनियंत्रित होकर पलटी डबल डेकर बस, शीशे तोड़कर बाहर निकाले गए यात्री

Mathura: Double-decker bus overturned after losing control, passengers were rescued by breaking the glass.

12 अप्रैल । उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के थाना नौहझील क्षेत्र अंतर्गत यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सीओ संदीप सिंह ने हादसे की जानकारी दी कि नोएडा से बिहार के दरभंगा जा रही यात्रियों से भरी डबल डेकर बस माइलस्टोन संख्या 76 के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। सभी 72 यात्री सुरक्षित हैं।

सीओ संदीप सिंह बताया कि स्थानीय थाना की पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और बस के अंदर फंसे लोगों को शीशा तोड़कर बाहर निकाला गया। 10 से 12 लोग मामूली रूप से चोटिल हुए थे, जिनको इलाज के लिए सीएचसी भेजा गया।

घटना शाम करीब 07:36 बजे की है। बस नोएडा से सवारियां लेकर दरभंगा की ओर जा रही थी। जैसे ही बस नौहझील थाना क्षेत्र के माइलस्टोन 76 पर पहुंची, चालक नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क के बीचों-बीच पलट गई। सूचना मिलते ही पीआरवी 1877 ने तत्काल स्थानीय पुलिस को जानकारी दी।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष नौहझील और बाजना कट चौकी प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बस के दरवाजे ब्लॉक हो जाने के कारण यात्री अंदर फंस गए थे। पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए बस के शीशे तोड़े और एक-एक कर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

पुलिस-प्रशासन ने क्रेन मंगवाकर क्षतिग्रस्त बस को सड़क के बीच से हटवाया और किनारे खड़ा करवाया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद यातायात व्यवस्था को पुनः सुचारू किया जा सका।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, मौके पर कानून व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है। पुलिस ने यात्रियों के गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के प्रयास शुरू कर दिए हैं। समय रहते मिली सूचना और पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने एक बड़ी दुर्घटना को टाल दिया।

Leave feedback about this

  • Service