June 24, 2026
National

मथुरा: शातिर वाहन चोर और पुलिस के बीच मुठभेड़, दो गिरफ्तार

Mathura: Encounter between notorious vehicle thief and police, two arrested

यूपी के मथुरा जनपद की थाना छाता पुलिस, रिवॉर्डिड टीम और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में सोमवार रात बड़ी सफलता हाथ लगी। चेतक अकेडमी के पास जंगल क्षेत्र में हुई पुलिस मुठभेड़ के दौरान राजस्थान के दो अंतरराज्यीय शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस के अनुसार, 25 मई की रात करीब 9:07 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ शातिर वाहन चोर चेतक अकेडमी के पास जंगल क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही थाना छाता पुलिस, रिवॉर्ड टीम और सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से इलाके की घेराबंदी कर बदमाशों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा।

पुलिस का कहना है कि खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें साकिर के बाएं पैर और साबिर के दाएं पैर में गोली लगी। इसके बाद दोनों को मौके से गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया गया।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान साकिर (32) पुत्र रहमल और साबिर (26) पुत्र इब्वर निवासी रुंध, थाना खोह, जिला डींग, राजस्थान के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी अंतरराज्यीय वाहन चोरी गिरोह से जुड़े हुए हैं। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से दो अवैध तमंचे .315 बोर, कई जिंदा और खोखा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा उनकी निशानदेही पर तीन बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें भी बरामद हुई हैं, जिन्हें चोरी का बताया जा रहा है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अभियुक्त साकिर के खिलाफ थाना हाईवे और छाता में चोरी, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत कुल आठ मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, साबिर पर थाना गोवर्धन, जैत, कोतवाली और हाईवे में चोरी, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट के तहत सात गंभीर मामले दर्ज हैं।

इस कार्रवाई को थाना छाता प्रभारी निरीक्षक उमेश चन्द त्रिपाठी के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। टीम में उपनिरीक्षक राहुल चौधरी, हरेन्द्र सिंह, कपिल नागर, अंशूमान सिंह बिश्नोई, रिवॉर्ड टीम प्रभारी सावेज चौधरी, सर्विलांस प्रभारी विकास शर्मा समेत कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Leave feedback about this

  • Service