September 28, 2026
National

मथुरा पुलिस ने वांछित आरोपी को मुठभेड़ के बाद किया गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

मथुरा की गोवर्धन पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने रविवार देर रात एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुठभेड़ के दौरान एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सीओ गोवर्धन अनिल कुमार ने बताया कि रविवार रात 10:35 बजे गोवर्धन थाना पुलिस और एसओजी की टीम गोवर्धन से नगला सपेरा की तरफ जाने वाले रास्ते पर नाले की पुलिया के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया गया। अपने आप को घिरता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी।

सीओ ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुस्ताक उर्फ गोली (27) निवासी मुखराई के रूप में हुई है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह 10 दिन पहले एक लड़की को भगाकर ले गया था। मुस्ताक उर्फ गोली थाना गोवर्धन में दर्ज मुकदमे में वांछित चल रहा था।

मुठभेड़ में घायल आरोपी को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोवर्धन ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल मथुरा रेफर कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2750 रुपये,आरोपी के पास से तमंचा, कारतूस, मोटरसाइकिल, पीड़िता की मार्कशीट, ड्राइविंग लाइसेंस और एक फर्जी आधार कार्ड बरामद हुआ है।

इसके अलावा, जिले की फरह पुलिस द्वारा झूठे मुकदमें में फंसाने की धमकी देकर पैसे वसूलने वाली आरोपी महिला को 2 लाख रुपये सहित गिरफ्तार किया गया है। दरअसल, फरह निवासी महिला और ओम प्रकाश द्वारा एक व्यक्ति को लगातार ब्लैकमेल किया जा रहा था और झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर लाखों रुपये ऐंठ चुके थे। ब्लैकमेल से तंग आकर पीड़ित ने केस दर्ज कराया था।

Leave feedback about this

  • Service