N1Live Entertainment मथुरा में गूंजी श्रीकृष्ण भक्ति, हेमा मालिनी ने की ‘कृष्णावतरम् पार्ट 1- द हार्ट’ की तारीफ
Entertainment

मथुरा में गूंजी श्रीकृष्ण भक्ति, हेमा मालिनी ने की ‘कृष्णावतरम् पार्ट 1- द हार्ट’ की तारीफ

Mathura resonates with devotion towards Lord Krishna; Hema Malini praises 'Krishnaavataram Part 1 - The Heart'

भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और उनकी दिव्य कथा पर आधारित फिल्मों को दर्शक हमेशा खास प्यार देते आए हैं। जब भी बड़े पर्दे पर श्रीकृष्ण से जुड़ी कहानियां दिखाई जाती हैं, तो लोगों के दिलों में भक्ति का एक अलग ही माहौल बन जाता है। इन दिनों ऐसी ही एक फिल्म ‘कृष्णावतरम् पार्ट 1- द हार्ट’ लगातार चर्चा में बनी हुई है। इस कड़ी में मथुरा के जेवी सिनेमा में इस फिल्म की एक खास स्क्रीनिंग आयोजित की गई, जिसमें भाजपा सांसद और अभिनेत्री हेमा मालिनी भी पहुंची। उन्होंने फिल्म की जोरदार सराहना की।

फिल्म खत्म होने के बाद हेमा मालिनी ने मीडिया से बात करते हुए इसकी कहानी, कलाकारों के अभिनय, संगीत और प्रस्तुति की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, ”यह फिल्म श्रीकृष्ण की कहानी को एक अलग अंदाज में दिखाती है। आमतौर पर लोग भगवान श्रीकृष्ण की जो कथाएं सुनते आए हैं, यह फिल्म उनसे थोड़ा हटकर है। फिल्म देखते समय अंदाजा लगाना मुश्किल है कि अगले पल क्या होने वाला है, और यही इसकी सबसे बड़ी खासियत है।”

हेमा मालिनी ने खास तौर पर फिल्म में दिखाए गए सत्यभामा के किरदार की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, ”उत्तर भारत में बहुत कम लोग सत्यभामा के बारे में विस्तार से जानते हैं, लेकिन फिल्म ने इस किरदार को बेहद सुंदर तरीके से लोगों के सामने पेश किया है। सत्यभामा के किरदार में अभिनेत्री संस्कृति जयना ने शानदार अभिनय किया है। उन्होंने इस किरदार में जान डाल दी है। इसके अलावा फिल्म के बाकी कलाकारों ने भी शानदार काम किया है और हर किरदार अपनी छाप छोड़ने में सफल रहा है।”

हेमा मालिनी ने फिल्म के हैंड-पेंटेड कॉस्ट्यूम्स और हस्तनिर्मित आभूषणों की सराहना की। उन्होंने कहा कि फिल्म के हर सीन में मेहनत साफ दिखाई देती है। सेट से लेकर संगीत और कलाकारों के लुक तक हर चीज को बहुत बारीकी से तैयार किया गया है। यही वजह है कि फिल्म सिर्फ एक कहानी नहीं लगती, बल्कि दर्शकों को एक आध्यात्मिक यात्रा का अनुभव कराती है।

फिल्म का निर्माण साजन राज कुरुप ने किया है। स्क्रीनिंग के बाद साजन राज कुरुप ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, ”हेमा मालिनी जैसी अनुभवी अभिनेत्री और सांसद से तारीफ मिलना पूरी टीम के लिए बहुत बड़ी बात है। फिल्म खत्म होने के बाद हेमा जी के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दे रही थी और उन्होंने फिल्म के बड़े स्तर पर किए गए निर्माण की भी तारीफ की।”

निर्माता ने बताया कि फिल्म की शूटिंग मुख्य रूप से गुजरात में की गई है, जिसे भगवान श्रीकृष्ण की कर्मभूमि माना जाता है। इसके अलावा, फिल्म का ट्रेलर मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि में लॉन्च किया गया था। फिल्म की टीम ने बांके बिहारी मंदिर, रमन रेती, राधा रानी मंदिर, प्रेम मंदिर और इस्कॉन वृंदावन में जाकर आशीर्वाद भी लिया था।

फिल्म का निर्देशन हार्दिक गज्जर ने किया है। फिल्म अब देशभर के 1500 से ज्यादा सिनेमाघरों में दिखाई जा रही है और 56 देशों तक अपनी पहुंच बना चुकी है। उत्तर प्रदेश सरकार ने इसे टैक्स फ्री घोषित किया है।

Exit mobile version