June 4, 2026
National

गाजियाबाद में शख्स की हत्या पर मायावती ने जताया दुख, अपराधियों को सजा देने की मांग

Mayawati expressed grief over the murder of a man in Ghaziabad and demanded punishment for the culprits.

30 मई । बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने गाजियाबाद में सूर्या चौहान की हत्या पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि जिला गाजियाबाद में खोड़ा के एक नौजवान युवक सूर्या चौहान की हुई हत्या की घटना अति दुखद व चिन्ताजनक। इस प्रकार की आए दिन हो रही घटनाओं की रोकथाम के लिए शासन व प्रशासन को सही कदम उठाने की जरूरत है।

उन्होंने आगे लिखा कि साथ ही इस घटना में शामिल अपराधियों की पहचान करके उन्हें कानूनी सजा जरूर दी जाए। इसके साथ ही चुनाव का समय जैसे-जैसे नजदीक आता जाएगा, ऐसी घटनाओं के व्यापक दुष्परिणाम होंगे। अतः सरकार पूरी तरह सतर्क रहे।

इससे पहले मायावती ने शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा के जेवर में गोपाल शर्मा की हत्या पर दुख व्यक्त किया था। उन्होंने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा था कि ग्रेटर नोएडा के जेवर में की गई लगभग 15 वर्ष के गोपाल शर्मा की हत्या अति दुखद व चिन्ताजनक। सरकार इस घटना की उच्च-स्तरीय जांच कराए और इसके सभी अभियुक्तों को कड़ी सजा दी जाए।

हमीरपुर हादसे पर भी उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा था कि हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल के गिरने से कई मजदूरों की हुई मौत के प्रकरण को भी सरकार गम्भीरता से लेते हुए मृतकों के आश्रितों को उचित आर्थिक मदद दे तथा घायलों का भी विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने आगे लिखा कि यह बसपा की भी मांग है।

बता दें कि मायावती ने 11 मई को सहारनपुर के लालवाला गांव में संघर्ष पर भी चिंता जताई थी। उन्होंने कहा था कि इस घटना में दलित वर्ग के कई लोगों के घायल होने से इलाके में तनाव का माहौल है। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से तत्काल निष्पक्ष कार्रवाई कर हालात को काबू में करने की मांग की थी, साथ ही दोनों पक्षों से शांति, सौहार्द और कानूनी तरीके से विवाद सुलझाने की अपील भी की थी।

Leave feedback about this

  • Service