July 19, 2026
National

परिसीमन पर मीडिया रिपोर्टें गलत और अटकलों पर आधारित: सुप्रिया सुले

Media reports on delimitation are incorrect and based on speculation: Supriya Sule

15 जुलाई । राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद सुप्रिया सुले ने परिसीमन के मुद्दे पर पार्टी के रुख को लेकर मीडिया में चल रही खबरों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि इस विषय पर उनकी पार्टी की ओर से किसी भी मीडिया संस्थान से कोई आधिकारिक चर्चा नहीं हुई है और पार्टी का पक्ष बताए जाने वाली खबरें पूरी तरह निराधार और अटकलों पर आधारित हैं।

सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी बयान में कहा कि मीडिया के कुछ वर्गों में एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के परिसीमन पर रुख को लेकर जो खबरें प्रकाशित हुई हैं, वे गलत और महज अटकलें हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि न तो उन्होंने और न ही उनकी पार्टी ने इस मुद्दे पर किसी मीडिया संगठन से आधिकारिक बातचीत की है।

सुले ने कहा कि उनकी पार्टी किसी भी संवैधानिक महत्व के मुद्दे पर अपना रुख विस्तृत विचार-विमर्श के बाद तय करती है। इसके लिए पहले पार्टी के भीतर चर्चा होती है और फिर इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ भी व्यापक परामर्श किया जाता है। ऐसे में पार्टी के नाम से कोई निश्चित रुख पेश करने वाली खबरों का कोई आधार नहीं है।

उन्होंने कहा कि जब तक केंद्र सरकार संशोधित परिसीमन विधेयक को औपचारिक रूप से संसद में पेश नहीं करती, तब तक किसी भी प्रस्ताव पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।

सुप्रिया सुले ने कहा कि अब तक ऐसा कोई विधेयक संसद के समक्ष नहीं लाया गया है, इसलिए उसके संभावित प्रावधानों या उस पर उनकी पार्टी के रुख को लेकर किसी भी तरह की अटकलें लगाना पूरी तरह समय से पहले की बात होगी।

उन्होंने मीडिया और राजनीतिक हलकों में चल रही अटकलों से बचने की अपील करते हुए संकेत दिया कि एनसीपी (शरदचंद्र पवार) का आधिकारिक रुख तभी सामने आएगा, जब सरकार इस संबंध में विधेयक संसद में पेश करेगी और पार्टी आंतरिक एवं गठबंधन स्तर पर विचार-विमर्श पूरा कर लेगी।

Leave feedback about this

  • Service