June 17, 2026
National

मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर दिल्ली में मेगा स्वच्छता अभियान, मंत्री कपिल मिश्रा और भाजपा सांसदों ने संभाली कमान

Mega cleanliness drive in Delhi marks 12 years of the Modi government; Minister Kapil Mishra and BJP MPs take the lead.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर दिल्ली में भाजपा की ओर से बड़े स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत राजधानी के विभिन्न इलाकों में श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

दक्षिण दिल्ली के नेहरू एन्क्लेव मेट्रो स्टेशन के पास स्वच्छता अभियान में दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा और दक्षिण दिल्ली से भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी शामिल हुए। दोनों नेताओं ने स्वयं सफाई अभियान में हिस्सा लेकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।

इस अवसर पर कपिल मिश्रा ने कहा कि देशवासी सौभाग्यशाली हैं कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यकाल देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इतिहास की किताबों में पढ़ाया जाएगा कि भारत के परिवर्तन और देश को महाशक्ति बनाने की दिशा में निर्णायक शुरुआत प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में हुई। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने देश को स्वच्छता का जो संदेश दिया, उसी को आगे बढ़ाते हुए भाजपा कार्यकर्ता, संगठन और सरकार के लोग मिलकर स्वच्छता अभियान चला रहे हैं।

वहीं भाजपा के मेगा स्वच्छता अभियान के तहत दिल्ली के सभी 256 मंडलों में श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किए गए। रोहिणी स्थित राजीव गांधी अस्पताल में भी विशेष सफाई अभियान चलाया गया, जिसमें भाजपा सांसद योगेंद्र चंदोलिया और रोहिणी जोन के उपायुक्त (डीसी) अंशुल सिरोही ने सफाई कर्मियों के साथ मिलकर श्रमदान किया और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

भाजपा सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने वर्ष 2014 में लाल किले की प्राचीर से देशव्यापी स्वच्छता अभियान का आह्वान किया था। उन्होंने कहा कि यह केवल एक सरकारी अभियान बनकर नहीं रह गया, बल्कि एक जन आंदोलन में बदल गया। छोटे बच्चों से लेकर 80 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों तक, सभी ने इस अभियान का समर्थन किया और स्वच्छ भारत के संकल्प को मजबूत किया।

दिल्ली विधानसभा स्पीकर विजेंद्र गुप्ता ने कहा, “प्रधानमंत्री का नारा है ‘स्वच्छ भारत, विकसित भारत।’ विकसित भारत 2047 का सफर सफाई के रास्ते से होकर गुजरता है। इस नजरिए से, आज का सफाई अभियान एक ऐसी दिल्ली की कल्पना करता है जो साफ-सुथरी, सुंदर, पर्यावरण के अनुकूल और प्रदूषण-मुक्त हो।”

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा, “2014 में, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली बार प्रधानमंत्री के तौर पर लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित किया था। उन्होंने दो अहम मुद्दों पर बात की थी। एक था सफाई और दूसरा था आधार कार्ड को बैंक खातों से जोड़ना।”

रोहिणी जोन के उपायुक्त अंशुल सिरोही ने बताया कि पिछले कई दिनों से पूरे शहर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री, वरिष्ठ अधिकारी, महापौर, उपमहापौर और सभी जोनल अधिकारी इस अभियान को गंभीरता से आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी से लोगों में स्वच्छता को लेकर सकारात्मक संदेश जा रहा है।

Leave feedback about this

  • Service