August 26, 2026
National

महिला, बुजुर्गों और युवाओं के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के निर्णयों की मंत्री जयवीर सिंह ने की प्रशंसा

Minister Jaiveer Singh praised the Uttar Pradesh government’s decisions for women, the elderly, and the youth.

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री जयवीर सिंह ने महिला, बुजुर्गों और युवाओं के लिए राज्य सरकार की ओर से लिए गए निर्णयों की सराहना की है। उन्होंने बताया कि महिलाओं के कल्याण के लिए तीन बड़े निर्णय हुए हैं, जबकि युवाओं के लिए स्कॉलरशिप से जुड़े फैसले भी लिए गए है।

मंत्री जयवीर सिंह ने बुधवार को लखनऊ में पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “महिलाओं के कल्याण के लिए तीन बड़े निर्णय हुए है। पहला फैसला यह है कि रक्षाबंधन की बधाई, सभी महिलाएं एक दिन पहले से एक दिन बाद तक निशुल्क रूप से उत्तर प्रदेश परिवहन में यात्रा करेगी।”

उन्होंने बताया कि हम सभी मंत्री व अन्य गणमान्य व्यक्ति अलग-अलग जिलों में जाकर बड़े कार्यक्रमों में शामिल होंगे। बड़ी संख्या में महिलाएं इन कार्यक्रमों में उपस्थित रहेंगी। उन महिलाओं को मुख्यमंत्री की ओर से एक-एक साड़ी और मिठाई दी जाएगी। वे महिलाएं कार्यक्रम के दौरान राखियां बांधेंगी। आज राज्य के हर जिले में कार्यक्रम आयोजित होंगे।

जयवीर सिंह ने बताया कि दूसरा फैसला बुजुर्ग महिलाओं के कल्याण के लिए है। 60 साल से अधिक उम्र की जितनी भी महिलाएं हैं, वे अपने आईडी कार्ड के आधार पर हमेशा के लिए निशुल्क यात्रा कर सकेंगी। उन्होंने बताया कि तीसरा फैसला यह है कि अगर किसी परिवार में बुजुर्ग माता-पिता को खाना नहीं दिया जाता, रहने नहीं दिया जाता या परेशान किया जाता है तो शिकायत मिलने के बाद बच्चों को पैतृक संपत्ति से वंचित किया जा सकता है।

मंत्री जयवीर सिंह ने आगे कहा, “अब तक इंटर्नशिप स्टाइपेंड 12 हजार रुपए था, जिसे दोगुने से अधिक बढ़ाकर 25,000 रुपए प्रति माह कर दिया गया है। इस तरह, मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में युवाओं के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। युवाओं के लिए स्कॉलरशिप से जुड़े कई फैसले भी लिए गए।”

Leave feedback about this

  • Service