July 29, 2026
National

विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने भारत में कार्यकाल संपन्न करने वाले अल सल्वाडोर के राजदूत से की मुलाकात

Minister of State for External Affairs Pabitra Margherita met with the Ambassador of El Salvador, who has concluded his tenure in India.

29 जुलाई । विदेश राज्य मंत्री (एमओएस) पबित्रा मार्गेरिटा ने बुधवार को नई दिल्ली में अल सल्वाडोर के राजदूत गुइलेर्मो रुबियो फुनेस से मुलाकात की और दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने में उनके योगदान की सराहना की।

मुलाकात के बाद पबित्रा मार्गेरिटा ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, “भारत में अपना कार्यकाल पूरा कर रहे अल सल्वाडोर के राजदूत महामहिम गुइलेर्मो रुबियो फुनेस से मुलाकात की। उनके कार्यकाल के दौरान भारत-अल सल्वाडोर संबंधों को मजबूत करने में दिए गए बहुमूल्य योगदान की सराहना की।”

दोनों देशों के संबंध काफी अच्छे रहे हैं। कई समारोह का आयोजन किया जाता रहा है जिसमें भारत की सहभागिता अभूतपूर्व रही है। जून में ग्वाटेमाला में भारत के राजदूत और अल सल्वाडोर के लिए समवर्ती रूप से मान्यता प्राप्त राजदूत राज कुमार सिंह ने अल सल्वाडोर के राष्ट्रीय महल में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में भाग लिया था।

हर साल 21 जून को दुनियाभर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष योग दिवस का 12वां संस्करण “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” थीम के साथ मनाया गया, जिसमें सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए योग के महत्व पर जोर दिया गया।

ग्वाटेमाला स्थित भारतीय दूतावास ने एक्स पर कुछ तस्वीरें पोस्ट करते हुए लिखा, “राज कुमार सिंह ने अल सल्वाडोर के राष्ट्रीय महल में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 समारोह में भाग लिया। इस आयोजन ने योग के शाश्वत संदेश सद्भाव, कल्याण और एकता को रेखांकित किया।”

सितंबर 2025 में विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अल सल्वाडोर के अपने समकक्ष एलेक्जेंड्रा हिल टिनोको को 204वें स्वतंत्रता दिवस पर शुभकामनाएं देते हुए संबंधों को प्रगाढ़ बनाए रखने पर बल दिया था।

जयशंकर ने एक्स पर लिखा था, “अल सल्वाडोर के 204वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विदेश मंत्री एलेक्जेंड्रा हिल टिनोको, सरकार और वहां के लोगों को बधाई। विश्वास है कि हमारे संबंध लगातार मजबूत होते रहेंगे।”

भारत और अल सल्वाडोर के बीच करीबी और मैत्रीपूर्ण संबंध हैं। दोनों देशों के बीच नियमित विदेश कार्यालय परामर्श ने द्विपक्षीय संबंधों को गति बनाए रखने में मदद की है।

विदेश मंत्रालय (एमईए) के अनुसार, भारत का दूतावास अल सल्वाडोर के लिए समवर्ती रूप से मान्यता प्राप्त है। वहीं, अल सल्वाडोर ने वर्ष 2008 में नई दिल्ली में अपने आवासीय राजदूत के साथ दूतावास खोला था।

Leave feedback about this

  • Service