N1Live National उत्तर-पूर्वी दिल्ली में नाबालिग की चाकू मारकर हत्या
National

उत्तर-पूर्वी दिल्ली में नाबालिग की चाकू मारकर हत्या

Minor stabbed to death in North-East Delhi

26 मार्च । उत्तर-पूर्वी दिल्ली में इलाके में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं ने लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। एक नाबालिग की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है।

थाना दयालपुर क्षेत्र की गली नंबर 13 में बुधवार देर रात एक नाबालिग को चाकू मारकर बुरी तरह घायल कर दिया गया। उसे शास्त्री पार्क के जग प्रवेश चंद्र हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस वारदात से पूरे इलाके में भय और तनाव का माहौल बन गया है।

स्थानीय निवासियों के अनुसार, देर रात 2 से 3 हमलावरों ने मिलकर नाबालिग पर हमला किया और उसे गंभीर रूप से घायल कर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही दयालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। साथ ही एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया, जिसने मौके से अहम सबूत जुटाए।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए गुरु तेग बहादुर अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया। इस मामले में पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। साथ ही इस वारदात के पीछे के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।

उत्तर पूर्वी दिल्ली में बीते तीन दिन में चाकू से हमला कर हत्या की तीन वारदात से इलाके के लोग दहशत में हैं। इससे पहले 22 मार्च की रात न्यू जाफराबाद में युवक की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई थी। इसके अलावा 23 मार्च को घोंडा में पुरानी रंजिश के चलते युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस के हाथ सभी मामलों में अभी तक खाली हैं, हालांकि जांच और जल्द गिरफ्तारी का दावा पुलिस अधिकारी कह रहे हैं।

Exit mobile version