June 22, 2026
National

मोबाइल चोर गिरोह का भंडाफोड़; 100 सील पैक स्मार्टफोन बरामद, तीन गिरफ्तार

Mobile phone theft gang busted; 100 sealed smartphones recovered, three arrested.

गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट के थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोबाइल फोन चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 40 से 50 लाख रुपये कीमत के 100 सील पैक आईक्यूओओ मोबाइल फोन, एक फर्जी नंबर प्लेट लगी महिंद्रा पिकअप और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। वहीं, मामले का एक मास्टरमाइंड अभी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस के अनुसार, 21 जून 2026 को थाना नॉलेज पार्क पुलिस को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना प्राप्त हुई थी कि कुछ लोग चोरी किए गए मोबाइल फोन बेचने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सेक्टर-153 स्थित पानी की टंकी के पीछे घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आनंद उर्फ रुद्रेश, पंकज उर्फ धीरेंद्र और मोहित उर्फ संतोष के रूप में हुई है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि बरामद किए गए सभी 100 मोबाइल फोन आईक्यूओओ कंपनी के हैं और पूरी तरह सील पैक अवस्था में थे। इनकी बाजार कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है। बताया जा रहा है कि यह मोबाइल फोन यमुना एक्सप्रेसवे के सेक्टर-24 स्थित कंपनी के लॉजिस्टिक चैनल से चोरी किए गए थे, जिन्हें आरोपी अवैध तरीके से बेचने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल एक महिंद्रा पिकअप वाहन भी बरामद किया है, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी।

इसके अलावा आरोपी आनंद उर्फ रुद्रेश और मोहित पुंडीर के पास से एक-एक अवैध चाकू भी बरामद हुआ है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं। मुख्य आरोपी आनंद उर्फ रुद्रेश के खिलाफ दिल्ली और गुरुग्राम में माल चोरी व आर्म्स एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं मोहित पुंडीर के खिलाफ भी चोरी और आपराधिक मामलों से जुड़े मुकदमे दर्ज पाए गए हैं।

इस संबंध में थाना नॉलेज पार्क में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों और फरार मास्टरमाइंड की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान इस गिरोह से जुड़े अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है।

Leave feedback about this

  • Service