N1Live National सांसद निशिकांत दुबे का हेमंत सोरेन सरकार पर जुबानी हमला, कहा- ‘झारखंड अब इस्लामिक राज्य’
National

सांसद निशिकांत दुबे का हेमंत सोरेन सरकार पर जुबानी हमला, कहा- ‘झारखंड अब इस्लामिक राज्य’

MP Nishikant Dubey's verbal attack on Hemant Soren government, said- 'Jharkhand is now an Islamic state'

गोड्डा के भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने झारखंड के हजारों स्कूलों में रविवार के बदले शुक्रवार को छुट्टी दिए जाने और रमजान पर मुस्लिम कर्मचारियों को विशेष छूट देने के कथित आदेशों का हवाला देते हुए राज्य सरकार पर बड़ा हमला बोला है।

निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”झारखंड अब इस्लामिक राज्य है। झारखंड सरकार खुद मानती है कि 648 विद्यालयों में छुट्टी रविवार के बदले शुक्रवार को होती है। 2007 में यह आदेश कांग्रेस की सरकार में ही लागू हुआ था।”

भाजपा सांसद ने यह मुद्दा संसद में 2 अगस्त, 2024 को शून्य काल के दौरान उठाया था। इस पर केंद्र सरकार ने झारखंड सरकार को पत्र लिखकर वस्तुस्थिति स्पष्ट करने को कहा था। झारखंड सरकार ने इस पर केंद्र को 10 जनवरी, 2025 को लिखित जवाब भेजा है।

केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने झारखंड सरकार से मिले जवाब का हवाला देते हुए निशिकांत दुबे को सूचित किया है कि एकीकृत बिहार के समय झारखंड के कुल 648 विद्यालयों को उर्दू विद्यालय के रूप में चिन्हित किया गया है और झारखंड सरकार की ओर से सितंबर, 2007 में जारी एक आदेश के जरिए इन स्कूलों में रविवार की जगह शुक्रवार को छुट्टी की जाती है।

निशिकांत दुबे ने झारखंड सरकार के जवाब को गोलमोल बताया है। उन्होंने कहा है कि ऐसे स्कूलों की संख्या हजारों में है, जिनके नाम के आगे जबरदस्ती उर्दू लगा दिया गया है और वहां शुक्रवार को छुट्टी होती है।

उन्होंने इसके पहले रविवार को अपने एक अन्य सोशल मीडिया पोस्ट में भी रमजान के दौरान मुस्लिम कर्मियों को विशेष छूट देने का आरोप लगाते हुए लिखा था, ”झारखंड को इस्लामिक राज्य घोषित करने का समय आ गया है। कांग्रेस का हाथ केवल मुसलमानों के साथ।”

इस पोस्ट के साथ सांसद ने राज्य सरकार की ओर से वर्ष 2009 में जारी एक पत्र की प्रति भी साझा की। इस पत्र में रमजान के दौरान मुस्लिम कर्मचारियों को शाम चार बजे ऑफिस छोड़ने और शुक्रवार को नमाज के लिए दोपहर 2 से 4 बजे तक छुट्टी देने संबंधी आदेश का उल्लेख है।

Exit mobile version