October 12, 2026
Entertainment

दिलजीत दोसांझ के फैसले से खुश हुए सांसद विक्रमजीत साहनी, कहा-पंजाब का सच्चा सपूत है दिलजीत

अभिनेता और गायक दिलजीत दोसांझ ने अपने ‘ऑरा इंडिया टूर’ के दिल्ली कॉन्सर्ट की तारीख बदल दी है। इस पर खुशी जाहिर करते हुए राज्यसभा सांसद विक्रमजीत सिंह साहनी ने अभिनेता का शुक्रिया अदा किया।

दरअसल, अभिनेता-गायक दिलजीत दोसांझ का यह कॉन्सर्ट पहले 1 नवंबर को होना था, जो 1984 के सिख विरोधी दंगों की बरसी के दिन पड़ रहा था। सिख विरोधी दंगों की संवेदनशीलता और पंजाबी प्रमोशन काउंसिल व अन्य प्रतिनिधियों की अपील के बाद सिख समुदाय की भावनाओं का सम्मान करते हुए 1 नवंबर की बजाय इस शो को 30 अक्टूबर को शिफ्ट किया गया है।

राज्यसभा सांसद विक्रमजीत सिंह साहनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने पीड़ितों और उनके परिवारों की भावनाओं का सम्मान करने के लिए दिलजीत को धन्यवाद दिया। उन्होंने लिखा, “दिलजीत दोसांझ का तहे दिल से धन्यवाद कि उन्होंने 1 नवंबर को दिल्ली में परफॉर्म न करने की हमारी अपील को मान लिया। 1 नवंबर 1984 के दुखद सिख विरोधी दंगों की बरसी का दिन है, अब कॉन्सर्ट 30 अक्टूबर को होगा।”

उन्होंने आगे लिखा, “दिलजीत पंजाब का सच्चा सपूत है, पगड़ी पहनने वाला एक ग्लोबल आइकॉन है और लाखों लोगों के लिए प्रेरणा है। पीड़ितों और उनके परिवारों की भावनाओं के प्रति उनकी संवेदनशीलता दिखाती है कि इतने बड़े मुकाम पर होने के बाद भी उनमें कितनी जिम्मेदारी और करुणा है।वो इसी तरह पंजाब और भारत का नाम रोशन करते रहें।”

बता दें कि 1 नवंबर 1984 की तारीख भारतीय सिखों और पंजाबियों के इतिहास का सबसे काला और दर्दनाक दिन है, जब पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद सिखों के खिलाफ बड़े पैमाने पर भीषण दंगे और नरसंहार शुरू हो गया था। 31 अक्टूबर 1984 को देश की प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की उनके ही सिख अंगरक्षकों ने हत्या कर दी थी।

इस हत्या के अगले ही दिन यानी 1 नवंबर 1984 को देश की राजधानी दिल्ली समेत कई हिस्सों में सिखों के खिलाफ संगठित हिंसा, हत्याएं, आगजनी और लूटपाट भड़क उठी।

Leave feedback about this

  • Service