N1Live Entertainment ‘मिस्टर इंडिया’ अनिल कपूर ने रेड कार्पेट पर दिखाया मजनू भाई का ‘आर्ट’
Entertainment

‘मिस्टर इंडिया’ अनिल कपूर ने रेड कार्पेट पर दिखाया मजनू भाई का ‘आर्ट’

'Mr. India' Anil Kapoor shows off Majnu Bhai's 'art' on the red carpet

8 मई । कॉमेडी-ड्रामा फिल्म ‘वेलकम’ में मजनू भाई (अनिल कपूर) घोड़े की पेंटिंग बनाते हैं। यह पेंटिंग आज भी मीम्स का हिस्सा है और अब न्यूयॉर्क के मेट गाला रेड कार्पेट तक पहुंच गई है।

अभिनेता अनिल कपूर इस साल के मेट गाला रेड कार्पेट का हिस्सा रहे। इस दौरान उन्होंने एक ऐसी ड्रेस चुनी, जिसमें मजनू भाई की वही मशहूर पेंटिंग प्रमुखता से दिखाई दे रही है। बुधवार को अभिनेता ने चुटकी लेते हुए इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर अपने इस कार्यक्रम की तस्वीर शेयर की। वीडियो के बैकग्राउंड में उन्होंने ‘वेलकम’ फिल्म का टाइटल ट्रैक ऐड किया।

वीडियो शेयर कर अनिल कपूर ने लिखा, “जब मेट गाला और मजनू भाई का मिलन हुआ। कला की कोई सीमा नहीं होती।”

बता दें कि इस पेंटिंग में एक घोड़े के ऊपर गधा दिखाई देता है। अभिनेता ने एक शो के दौरान बताया था कि इस पेंटिंग की असली कॉपी अभी भी उनके घर में है। साथ ही, उन्होंने इस पेंटिंग के पीछे का अर्थ समझाते हुए कहा था कि घोड़ा कड़ी मेहनत का प्रतीक है, जबकि गधा उस व्यक्ति का प्रतिनिधित्व करता है, जो ज्यादा मेहनत नहीं करता है।

यह पेंटिंग सोशल मीडिया पर मीम्स के लिए बहुत लोकप्रिय है और ऑनलाइन बिक्री के लिए भी उपलब्ध है। लोग बड़े मजेदार अंदाज में पेंटिंग को अपने घर में सजावट के तौर पर रखते हैं।

साल 2007 में रिलीज हुई फिल्म ‘वेलकम’ का निर्देशन अनीस बज्मी ने किया था। यह फिल्म अपनी शानदार कॉमेडी, नाना पाटेकर (उदय शेट्टी) और अनिल कपूर (मजनू भाई) के अभिनय और मजेदार संवादों के लिए जानी जाती है। फिल्म के कुछ डायलॉग्स, कैरेक्टर्स और गाने आज भी सोशल मीडिया पर वायरल रहते हैं।

फिल्म की कहानी एक सीधा-सादा लड़के राजीव (अक्षय कुमार) के ईर्द-गिर्द घूमती है, जो संजना (कैटरीना कैफ) से प्यार करता है, लेकिन बाद में पता चलता है कि उसके भाई (उदय और मजनू) गैंगस्टर हैं। कहानी तब हास्यास्पद हो जाती है जब गैंगस्टर अपनी बहन की शादी के लिए खुद को ‘शरीफ’ दिखाने की कोशिश करते हैं।

Exit mobile version