29 अप्रैल । मुंबई के दहिसर इलाके से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पर दो बदमाशों ने खुद को पुलिसवाला बताकर एक 26 वर्षीय व्यापारी से रुपये ठग लिए। फिलहाल, पुलिस ने इन दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों की पहचान हर्षद नंदकुमार पडावे (33) और शाल राजेंद्र सूर्यवंशी (30) के रूप में हुई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, युवा कारोबारी का खुद का पनीर का व्यवसाय है। बीते 23 अप्रैल को वह अपने दोस्त की गाड़ी से ऑफिस जा रहे थे। तभी न्यू लिंक रोड ईस्ट-वेस्ट ब्रिज पर दो युवकों ने उन्हें रुकने का इशारा किया, तो वो रुक गए। दोनों ही युवकों ने खुद को पुलिस विभाग से जुड़ा अधिकारी बताया।
इतना ही नहीं, दोनों युवा कारोबारी को एक कार्ड भी दिखाया, जिसमें ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन लिखा हुआ था। यह कार्ड देखकर युवा कारोबारी को ऐसा लगा कि ये लोग सच में पुलिस विभाग से जुड़े कोई बड़े अधिकारी हैं। इसके बाद दोनों उस युवा व्यापारी की गाड़ी में जबरन अंदर घुस गए और कार की तलाशी लेने लगे। कार में सिगरेट पीने की एक रोलिंग पेपर रखी थी, जिसे इन नकली पुलिसकर्मियों ने अवैध बताकर जुर्माने की मांग की।
बदमाशों ने युवक से यह अवैध सामान है और इसके लिए आपको एक लाख रुपये देना होगा। बदमाशों ने युवा कारोबारी को पैसे देने के लिए मजबूर किया रास्ते भर उसके साथ मारपीट की। इस दौरान बदमाशों ने युवा कारोबारी से आठ हजार रुपये ले लिए और बाकी की रकम उससे ऑनलाइन देने के लिए कहा। इसके बाद उस डरे हुए युवा कारोबारी ने 22,500 रुपये अपने बैंक खाते से दे दिए।
हालांकि, शुरुआत में पीड़ित युवक इस बारे में किसी को भी बताने से डर रहा था। लेकिन, उसने हिम्मत दिखाते हुए अपने साथ हुई इस घटना के बारे में अपने एक दोस्त को बताया, तो दोस्त ने उसे पुलिस में शिकायत दर्ज करने का सुझाव दिया। वहीं, पुलिस ने अपहरण, मारपीट, धोखाधड़ी, वसूली और पुलिस अधिकारी बनकर ठगी करने के आरोप मामला दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।

