July 29, 2026
National

मुंबई: माहिम कॉजवे पर बाइक सवार ने महिला को मारी टक्कर, हादसे में दोनों की गई जान

Mumbai: Motorcyclist hits woman on Mahim Causeway; both lose their lives in the accident.

मुंबई के माहिम कॉजवे पर मंगलवार रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 50 वर्षीय महिला और 21 वर्षीय मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, तेज रफ्तार से आ रही केटीएम बाइक ने सड़क पार कर रही महिला को टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

माहिम पुलिस के मुताबिक, यह हादसा रात करीब 9:20 बजे जनरल अरुण कुमार वैद्य मार्ग स्थित माहिम कॉजवे के पास हुआ। मृतकों की पहचान माहिम निवासी मंगला तांडेल (50) और ध्रुव मनोज गुरव (21) के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि मंगला तांडेल अपनी दो बेटियों के साथ सड़क पार कर दूसरी ओर रहने वाले एक रिश्तेदार से मिलने जा रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही केटीएम मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला और बाइक सवार दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

मंगला तांडेल के पति अशोक तांडेल, जो बैंक ऑफ बड़ौदा में कार्यरत हैं, उन्होंने पुलिस को बताया कि वह घर पर थे तभी उन्हें तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। बाहर निकलने पर उन्होंने अपनी पत्नी और बाइक सवार को सड़क पर गंभीर हालत में पड़ा देखा। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

वहीं घायल बाइक सवार ध्रुव गुरव को पहले भाभा अस्पताल ले जाया गया और बाद में बेहतर इलाज के लिए राहेजा अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। माहिम पुलिस ने बताया कि यह पता लगाने के लिए ध्रुव गुरव के रक्त का नमूना जांच के लिए भेजा गया है कि हादसे के समय वह शराब के नशे में था या नहीं। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

वहीं, पुणे–सोलापुर हाईवे पर स्थित ओम साई मोटर्स नामक वाहन बिक्री और सर्विसिंग की दुकान में मंगलवार देर रात आग लग गई। इस आग में करीब पांच वाहन जलकर खाक हो गए और दुकान में रखा भारी मात्रा में सामान भी नष्ट हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है और नुकसान का पंचनामा किया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हम लोगों का मंगलवार देर रात आग लगने की सूचना मिली थी, सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड के साथ मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। अब पता लगाया जा रहा है कि आग कैसे लगी।

Leave feedback about this

  • Service