April 15, 2026
National

मुंबई स्टूडेंट मौत मामले में खुलासा, कल्याण से एक शख्स गिरफ्तार, एमडीएमए की गोलियां सप्लाई करने का आरोप

Mumbai student death case: Man arrested from Kalyan for supplying MDMA pills

15 अप्रैल । मुंबई में एक कॉन्सर्ट के दौरान ड्रग ओवरडोज से दो एमबीए छात्रों की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। वनराई पुलिस के अनुसार, मामले में एक कॉलेज छात्र को गिरफ्तार किया गया है, जिसने मृतक छात्रों को एमडीएमए की गोलियां दी थीं।

मुंबई पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी छात्र ने दोनों मृतकों को प्रति गोली 1600 रुपए के हिसाब से ड्रग्स बेची थीं। जानकारी के मुताबिक, दोनों छात्रों ने कुल चार गोलियां ली थीं, जिसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई।

मामले में एक अन्य आरोपी को भी कल्याण से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, इस आरोपी ने कॉलेज छात्र को 6 से 7 एमडीएमए की गोलियां सप्लाई की थीं।

पुलिस का कहना है कि बाकी बची गोलियां आरोपी छात्र ने अपने ग्रुप के अन्य लोगों को दी होंगी या खुद इस्तेमाल की होंगी। इस एंगल से भी जांच जारी है।

पुलिस ने यह भी आशंका जताई है कि इस मामले में और भी लोग शामिल हो सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए 5 से 6 टीमों का गठन किया गया है, जो मामले की गहराई से जांच कर रही हैं और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है और ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क को खंगालने की कोशिश कर रही है।

बता दें कि मुंबई के गोरेगांव ईस्ट में एक म्यूजिक कॉन्सर्ट के दौरान कथित ड्रग ओवरडोज से दो एमबीए छात्रों की मौत का मामला सामने आया है। मुंबई पुलिस के अनुसार, यह घटना 11 अप्रैल को आयोजित एक म्यूजिक इवेंट के दौरान हुई थी।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई के एक प्रतिष्ठित कॉलेज के करीब 15 से 16 छात्र इस कार्यक्रम में शामिल हुए थे। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतकों में से एक छात्र ने कार्यक्रम स्थल पर जाते समय कैब में ही एक्स्टेसी की गोली ली थी और बाद में कॉन्सर्ट के दौरान एक और गोली ली। डॉक्टरों ने ओवरडोज की पुष्टि की है।

दूसरे छात्र की मौत भी ड्रग्स से जुड़ी बताई जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि दोनों छात्रों ने ड्रग्स का सेवन किया था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अब पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है, ताकि ड्रग्स की सप्लाई चेन और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके।

Leave feedback about this

  • Service