April 20, 2026
National

आइजोल में मंगलवार को नगर निकाय चुनाव, 2.39 लाख से अधिक मतदाता 68 उम्मीदवारों के भाग्य का करेंगे फैसला

Municipal elections in Aizawl on Tuesday, over 2.39 lakh voters will decide the fate of 68 candidates

20 अप्रैल । मिजोरम की राजधानी आइजोल में 19 सदस्यीय आइजोल नगर निगम (एएमसी) के चुनाव के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि मतदान मंगलवार को होगा।

इन चुनावों में 2.39 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें करीब 1.26 लाख महिला मतदाता शामिल हैं। कुल 68 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जिनमें 28 महिलाएं हैं।

मतदान को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए मिजोरम सरकार ने एएमसी क्षेत्र में मंगलवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। एक आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, मतदान के दिन सभी सरकारी कार्यालय, शैक्षणिक संस्थान और सार्वजनिक उपक्रम बंद रहेंगे, ताकि मतदाता आसानी से मतदान कर सकें।

राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) के अधिकारियों के मुताबिक, 2,768 वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और गंभीर बीमारियों से ग्रस्त मतदाताओं में से लगभग 94 प्रतिशत ने होम वोटिंग सुविधा के जरिए पहले ही मतदान कर लिया है।

चुनाव में चार प्रमुख राजनीतिक दलों के उम्मीदवार मैदान में हैं। सत्तारूढ़ जोरम पीपुल्स मूवमेंट, मुख्य विपक्षी मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) और कांग्रेस ने 19-19 उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि भाजपा ने 11 उम्मीदवारों को टिकट दिया है।

पिछले नगर निगम चुनाव फरवरी 2021 में हुए थे, जिसमें एमएनएफ ने 11 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया था। वहीं, जोरम पीपुल्स मूवमेंट को 6 सीटें और कांग्रेस को 2 सीटें मिली थीं।

नगर निगम का कार्यकाल 1 मार्च को समाप्त हो गया था, लेकिन प्रशासनिक कारणों से चुनाव प्रक्रिया को स्थगित कर दिया गया था। इसमें राज्य विधानसभा का बजट सत्र और बोर्ड परीक्षाएं शामिल थीं।

राज्य निर्वाचन आयोग ने 18 मार्च से आदर्श आचार संहिता लागू कर दी है, जो 30 अप्रैल तक प्रभावी रहेगी। आयोग के निर्देश के अनुसार, इस अवधि में किसी भी सरकारी विभाग, सार्वजनिक उपक्रम या निगम में नई भर्ती या नियुक्ति प्रक्रिया बिना पूर्व अनुमति के शुरू नहीं की जा सकती।

मतों की गिनती 27 अप्रैल को की जाएगी।

Leave feedback about this

  • Service