त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड के पूर्व प्रशासनिक अधिकारी और सबरीमाला गोल्ड स्कैम के दूसरे आरोपी मुरारी बाबू का शनिवार को कोच्चि के एक प्राइवेट अस्पताल में निधन हो गया। वे वहां कैंसर का इलाज करा रहे थे। सबरीमाला मंदिर के दरवाजों के फ्रेम और ‘द्वारपालक’ की मूर्तियों से सोने की परत वाले पैनल कथित तौर पर चोरी होने के मामले में मुरारी बाबू की जांच चल रही थी। चंगनासेरी के पेरुन्ना के रहने वाले मुरारी बाबू का कैंसर का पता चलने के बाद अमृता अस्पताल में निधन हो गया।
उनका अंतिम संस्कार शनिवार को दोपहर 3 बजे पेरुन्ना स्थित उनके आवास पर किया जाएगा। स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) उन आरोपों की जांच कर रही थी कि सबरीमाला से हटाए गए सोने की परत वाले पैनल का कथित तौर पर गबन किया गया था। आरोपी बनाए जाने के बाद नौकरी से सस्पेंड किए गए मुरारी बाबू ने पूछताछ के दौरान दावा किया था कि सोने के पैनल को तांबे के पैनल के तौर पर दर्ज करने का काम मंदिर के पुजारी के एक पत्र के आधार पर किया गया था।
एक साधारण आर्थिक स्थिति वाले परिवार में जन्मे मुरारी बाबू 1994 में कॉन्स्टेबल के तौर पर पुलिस में शामिल हुए लेकिन ट्रेनिंग पूरी करने से पहले ही नौकरी छोड़ दी। बाद में 1997 में वे त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड (टीडीबी) में शामिल हुए और तरक्की करते हुए एट्टुमानूर, वाइकोम और थिरुनक्कारा जैसे प्रमुख मंदिरों में सेवा की।
विजिलेंस विंग ने आरोप लगाया था कि टीडीबी में निचले स्तर के पद पर होने के बावजूद मुरारी बाबू ने अपने कार्यकाल के दौरान करोड़ों की संपत्ति जमा कर ली थी। जांचकर्ताओं ने चंगनसेरी में उनकी पैतृक संपत्ति पर बने एक आलीशान घर के निर्माण की भी जांच की थी। उनके कार्यकाल के दौरान कई अन्य विवाद भी सामने आए थे।
विजिलेंस ने प्रमुख मंदिर उत्सवों के दौरान हाथियों के कॉन्ट्रैक्ट में कथित अनियमितताओं और मंदिर परिसर से सोने-चांदी की वस्तुएं गायब होने के मामलों की भी जांच की थी। उन पर एट्टुमानूर मंदिर में आग लगने की घटना को संभालने और बिना मंजूरी के सोने की परत चढ़े गहने लगवाने के आरोप भी लगे थे।
सबरीमाला जैसी संवेदनशील जगहों पर आरोप झेल रहे कर्मचारियों को तैनात न करने के हाई कोर्ट के आदेश के बावजूद, बाद में मुरारी बाबू को वहाँ एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफ़िसर नियुक्त किया गया था।
विजिलेंस ने यह भी पाया था कि उन्होंने कथित तौर पर देवस्वोम बोर्ड को बताए बिना द्वारपालक मूर्तियों पर सोने की परत चढ़ाने के काम के सिलसिले में एक प्राइवेट कंपनी से बातचीत की थी। उनकी मौत ऐसे समय में हुई है जब सबरीमाला में सोने से जुड़े मामलों की जांच और कानूनी कार्यवाही अभी भी चल रही है।


Leave feedback about this